26 C
Mumbai
Wednesday, January 14, 2026

आपका भरोसा ही, हमारी विश्वसनीयता !

कोलकाता में 7 दिसंबर को आयोजित होगा देश का सबसे बड़ा सामूहिक गीता पाठ, पांच लाख से अधिक लोगों के शामिल होने की संभावना

बंगाल की राजधानी कोलकाता में रविवार यानी 7 दिसंबर को होने वाले सामूहिक गीता पाठ की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। ब्रिगेड परेड ग्राउंड में आयोजित होने वाले इस भव्य कार्यक्रम में पांच लाख से अधिक लोगों के शामिल होने की उम्मीद है। शुक्रवार को आयोजित प्रेस वार्ता में गीता पाठ कार्यक्रम के अध्यक्ष और सनातन संस्कृति संसद के सभापति स्वामी प्रदीप्तानंद उर्फ कार्तिक महाराज ने इसकी जानकारी दी।

स्वामी निर्गुणानंद महाराज ने बताया कि इस आयोजन के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, मुख्यमंत्री ममता बनर्जी सहित देशभर के प्रमुख हस्तियों को आमंत्रित किया गया है। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पद्मभूषण साध्वी ऋतंभरा उपस्थित रहेंगी। धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री, बाबा रामदेव, जितेन्द्रानन्द और गोरखपुर के कई संत भी इस अवसर पर अपनी उपस्थिति दर्ज कराएंगे। आयोजकों का कहना है कि यह देश का अब तक का सबसे बड़ा सामूहिक गीता पाठ होगा। इससे पहले नवद्वीप, कोलकाता और सिलिगुड़ी में गीता यज्ञ सफलतापूर्वक आयोजित किए जा चुके हैं।

इस बार असम, त्रिपुरा, दिल्ली, बिहार, ओडिशा सहित कई राज्यों से श्रद्धालुओं के आने की उम्मीद है। नेपाल और बांग्लादेश से भी संतों व गीता प्रेमियों को निमंत्रण भेजा गया है। कार्तिक महाराज ने बताया कि इस कार्यक्रम का किसी भी प्रकार की राजनीति से कोई संबंध नहीं है, इसका एकमात्र उद्देश्य आम लोगों तक सनातन संस्कृति की मूल भावना और गीता के संदेश को पहुँचाना है। कार्यक्रम में प्रवेश के लिए किसी भी पंजीकरण की आवश्यकता नहीं है, हर इच्छुक व्यक्ति इसमें शामिल हो सकता है।

कार्यक्रम स्थल पर कुल 25 गेट बनाए गए हैं और पूरा क्षेत्र अर्ध-चंद्राकार ढांचे में तैयार किया जा रहा है। सभी प्रतिभागियों को गीता की एक प्रति नि:शुल्क दी जाएगी। कार्यक्रम के लिए पार्थ सारथी, चैतन्य और शंकराचार्य नाम से तीन मंच बनाए गए हैं, जिन पर क्रमशः प्रथम, नवम और अठारहवां अध्याय का पाठ होगा।

सुबह 8 बजे वैदिक पाठ की शुरुआत रविंद्रनाथ भट्टाचार्य द्वारा की जाएगी, जो पहले कलकत्ता विश्वविद्यालय के डीन रह चुके हैं। इसके बाद सुबह 9.30 बजे से प्रवचन शुरू होंगे और 11.30 बजे तक जारी रहेंगे। शंखध्वनि और उलूकध्वनि से पूरे परिसर को आध्यात्मिक वातावरण में रंगा जाएगा। दोपहर 12.30 बजे तक सामूहिक गीता पाठ का समापन होगा, जिसके बाद कार्यक्रम के उद्देश्य का संकल्प पाठ कराया जाएगा।

ताजा खबर - (Latest News)

Related news

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here