गुजरात के नवसारी जिले में एक भयावह घटना ने पूरे क्षेत्र को हिलाकर रख दिया है। बिलीमोरा कस्बे के देसरा इलाके में रहने वाली 35 वर्षीय सुनीता शर्मा ने अपने दो मासूम बेटों—सात और चार वर्ष—की कथित तौर पर हत्या कर दी। पुलिस के अनुसार, महिला ने यह कदम ‘अपने पूर्वजों की मुक्ति’ के नाम पर उठाया।
गुरुवार देर रात हुई इस घटना के बाद पुलिस ने सुनीता शर्मा को गिरफ्तार कर लिया है। अधिकारियों के मुताबिक, सुनीता मानसिक तनाव और अवसाद में थी और हाल के दिनों में उसका व्यवहार असामान्य हो गया था।
पुलिस उपाधीक्षक बी.वी. गोहिल ने बताया कि सुनीता का पति शिवकांत टायफॉयड से पीड़ित है और निजी अस्पताल में भर्ती है। घटना वाली रात सुनीता के ससुराल वाले—इंद्रपाल और उनकी पत्नी सुसरी—अस्पताल से लौटने के बाद सो गए थे, जबकि सुनीता अपने कमरे में थी। आधी रात को वह अचानक पूजा-पाठ करने लगी और इसी दौरान उसने अपने दोनों बच्चों का गला घोंटकर उनकी हत्या कर दी।
इसके बाद सुनीता अपने ससुराल वालों के कमरे में पहुंची और अपने ससुर इंद्रपाल का भी गला घोंटने की कोशिश की, लेकिन वह किसी तरह घर से बाहर निकलकर पड़ोसियों से मदद लेने में कामयाब रहे।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। सुनीता ने घर का दरवाजा अंदर से बंद कर लिया था। काफी कोशिशों के बाद भी दरवाजा नहीं खोला तो पुलिस ने उसे तोड़कर घर में प्रवेश किया। अंदर दोनों बच्चों के शव पड़े थे और सुनीता उनके पास बैठी हुई थी। पुलिस ने वहीं से उसे हिरासत में ले लिया।
स्थानीय प्रशासन और पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रहे हैं, जबकि पड़ोसियों और रिश्तेदारों ने इस हादसे को बेहद दर्दनाक और अविश्वसनीय बताया।

