Site icon Manvadhikar Abhivyakti News

चीन ने ताइवान के चारों ओर किया बड़ा सैन्य अभ्यास, द्वीपों की घेराबंदी की; तनाव बढ़ा

चीन ने सोमवार को ताइवान और उसके आस-पास के द्वीपों के चारों और बड़े पैमाने पर सैन्य अभ्यास किया। इस अभ्यास में 125 विमान, विमानवाहक ‘लिआनिंग’ और अन्य जहाज शामिल हुए। अभ्यास में प्रमुख बंदरगाहों की घेराबंदी की गई। जिससे ताइवान जलडमरूमध्य में तनाव बढ़ गया है। 

ताइवान के राष्ट्रीय दिवस के चार दिन बाद हुआ अभ्यास  
बीजिंग ने कहा कि यह सैन्य अभ्यास ताइवान के राष्ट्रपति लाइ चिंग-ते के खिलाफ एक दंडात्मक कार्रवाई है, क्योंकि उन्होंने चीन के ताइवान पर संप्रभुता के दावे को मानने से इनकार किया था। यह अभ्यास ताइवान के राष्ट्रीय दिवस के चार दिन बाद हुआ है। राष्ट्रीय दिवस पर राष्ट्रपति लाइ चिंग-ते ने अपने भाषण में कहा था कि चीन को ताइवान का प्रतिनिधित्व करने का कोई अधिकार नहीं है। उन्होंने यह भी कहा था कि वह हमेशा विलय या अतिक्रमण का विरोध करेंगे।

युद्ध अभ्यास लाइ चिंग-ते के झूठे दावों के लिए कड़ी सजा: चीन
चीन के ताइवान मामलों के कार्यालय ने एक बयान में कहा, यह लाइ चिंग-ते के स्वतंत्र ताइवान के झूठे दावों के लिए एक कड़ी सजा है। वहीं, ताइवान के रक्षा मंत्रालय ने बताया कि ताइवान के वायु क्षेत्र में फाइटर जेट सहित 90 विमान, हेलीकॉप्टर और ड्रोन देखे गए। यह एक दिन में विमानों की सबसे अधिक संख्या थी, जो सुबह 5:02 बजे से शाम 4.30 बजे तक दर्ज की गई। मंत्रालय ने यह भी बताया कि समुद्री यातायात सामान्य रूप से जारी है।  

Exit mobile version