Site icon Manvadhikar Abhivyakti News

शिक्षक की फ्रांस में चाकू मारकर की हत्या, आतंकवादी हमले का संदेह

उत्तरी फ्रांस के एक स्कूल में शुक्रवार को चाकू से लैस एक व्यक्ति ने हमला कर एक शिक्षक की हत्या कर दी और दो अन्य को घायल कर दिया। फ्रांस के आंतकवाद रोधी अभियोजकों ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि वह आरस शहर के इस मामले की जांच अपने हाथ में ले रहे हैं।

आरस शहर पेरिस से 185 किलोमीटर दूर उत्तर में स्थित है। आंतरिक मामलों के मंत्री गेराल्ड डार्मेनियन ने बताया कि संदिग्ध हमलावर को गिरफ्तार कर लिया गया है।

फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों आरस स्थित घटनास्थल के लिए रवाना हो गए हैं। फ्रांसीसी प्रसारक फ्रांस इंफो और बीएफएम ने खबर दी है कि संदिग्ध हमलावर पूर्व छात्र है। फ्रांस में इस तरह से स्कूलों में हमले दुर्लभ हैं। हमले के पीछे की मंशा अबतक स्पष्ट नहीं हुई है।

यह घटना ऐसे समय सामने आई है जब पिछले सप्ताहांत दक्षिणी इजराइल पर हमास के हमले और इसके बाद इजराइल के पलटवार में दोनों पक्षों की ओर से सैकड़ों लोगों की मौत के बाद तनाव का माहौल है।

जुम्मे की नमाज के बाद प्रदर्शन का आह्वान

इजराइल द्वारा गाजा पर की जा रही भीषण बमबारी के खिलाफ कई मुस्लिम देशों में जुम्मे की नमाज के बाद प्रदर्शन का आह्वान किया गया है। फ्रांस के आंतरिक मामलों के मंत्री ने गुरुवार को स्थानीय अधिकारियों को हमास के हमले के बाद बढ़ी यहूदी विरोधी घटनाओं के मद्देनजर फलस्तीन के समर्थन में सभी तरह के प्रदर्शनों पर रोक लगाने का आदेश दिया।

एक आकलन के मुताबिक इजराइल और अमेरिका के बाद फ्रांस दुनिया का तीसरा देश है जहां सर्वाधिक यहूदी आबादी निवास करती है। वहीं, पश्चिम यूरोप में फ्रांस ऐसा देश भी है जहां पर मुस्लिमों की सबसे अधिक आबादी है।

फ्रांसीसी संसद के निचले सदन की उपाध्यक्ष नैमा मौचु ने कहा कि नेशनल असेंबली ‘‘ पीड़ितों, उनके परिवारों और शिक्षा समुदाय के प्रति एकजुटता प्रकट करती है, जानकारी मिली है कि हमले में एक शिक्षक की मौत हो गई है और कई अन्य घायल हुए हैं।’’

Exit mobile version