31 C
Mumbai
Wednesday, October 16, 2024

आपका भरोसा ही, हमारी विश्वसनीयता !

मुंबई में NCP नेता बाबा सिद्दीकी की हत्या, सीने में गोली लगने के बाद घायल हुए थे

महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में एनसीपी नेता बाबा सिद्दीकी की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। इससे पहले गोली लगने के बाद उन्हें बेहद गंभीर हालत में लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बता दें कि बाबा सिद्दीकी को उनके बेटे जीशान सिद्दीकी के दफ्तर बांद्रा खेरवाड़ी सिग्नल के पास गोली मारी गई थी। इस वारदात के बाद बेहद गंभीर हालत में बाबा सिद्दीकी को लीलावती अस्पताल में भर्ती करवाया गया था।

जानकारी के मुताबिक, इस वारदात के दौरान बाबा सिद्दीकी के पेट में दो गोलियां लगी थी। उनपर कुल तीन गोलियां चलाई गईं थी, जिसमें से दो गोलियां उनके पेट में लगी थी। वहीं इस मामले में मुंबई पुलिस ने दो लोगों को मौके से गिरफ्तार भी किया है। इस वारदात के बाद मुंबई पुलिस ने आसपास के इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी है और सीसीटीवी फुटेज की जांच शुरू कर दी है।

बाबा सिद्दीकी के बारे में जानिए
बाबा सिद्दीकी मुंबई में अल्पसंख्यक वर्ग के बड़े नेताओं में शुमार किए जाते हैं। लोकसभा चुनाव से पहले उन्होंने महाराष्ट्र कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया था। हालांकि बाद में वे अजित पवार के नेतृत्व वाली एनसीपी में शामिल हो गए थे। बाबा सिद्दीकी के बेटे जीशान सिद्दीकी भी राजनीति में सक्रिय हैं। बाबा सिद्दीकी बांद्रा पश्चिम सीट से 1999, 2004 और 2009 में तीन बार विधायक रह चुके हैं और महाराष्ट्र में कांग्रेस की सरकार में मंत्री भी रहे। बाबा सिद्दीकी महाराष्ट्र हाउसिंग एंड एरिया डेवलेपमेंट अथॉरिटी के मुंबई डिवीजन का अध्यक्ष पद भी संभाल चुके हैं। 2014 के विधानसभा चुनाव में बाबा सिद्दीकी को भाजपा नेता आशीष शेलार ने हराया था।

शिवसेना उद्धव गुट का सरकार पर हमला
शिवसेना (यूबीटी) के प्रवक्ता आनंद दुबे ने कहा, अगर हमारे शहर मुंबई में पूर्व विधायक सुरक्षित नहीं हैं, अगर सरकार के नेता सुरक्षित नहीं हैं, तो यह सरकार आम लोगों की सुरक्षा कैसे करेगी? अगर वे अपने विधायकों और पूर्व मंत्रियों को सुरक्षित नहीं रख सकते हैं, तो गृह मंत्री देवेंद्र फडणवीस को इस्तीफा दे देना चाहिए। उन्हें गृह मंत्री के रूप में बने रहने का कोई अधिकार नहीं है। एकनाथ शिंदे को राज्य के सीएम के रूप में बने रहने का कोई अधिकार नहीं है। मुंबई की सड़कों पर दिनदहाड़े गोलीबारी हो रही है। तीन राउंड फायरिंग की जा रही है और लोगों को गोली मारी जा रही है… क्या यही कानून व्यवस्था है?…अपराधियों को कोई डर नहीं है… महायुति और भाजपा की नीतियों ने राजनीति को बदनाम कर दिया है।

Latest news

ना ही पक्ष ना ही विपक्ष, जनता के सवाल सबके समक्ष

spot_img
Related news

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here