Site icon Manvadhikar Abhivyakti News

सोनिया गांधी बोलीं – “हाथरस की निर्भया की मृत्यु नहीं, एक निष्ठुर सरकार ने उसे मार डाला, हम आंदोलन करेंगे”

नई दिल्ली – सोनिया गांधी ने योगी सरकार पर हमला बोला। हाथरस की बेटी के लिए न्याय की मांग के साथ खड़े हैं, भाजपा को देश नहीं तोड़ने देंगे। कांग्रेस नेता ने कहा कि हम आंदोलन करेंगे।

ये कैसा न्याय है? ये कैसी सरकार है?
कांग्रेस नेता ने कहा कि हाथरस की निर्भया की मृत्यु नहीं हुई है उसे मारा गया है-एक निष्ठुर सरकार, उसके प्रशासन और उत्तर प्रदेश सरकार की उपेक्षा द्वारा। जब ज़िंदा थी तो उसकी सुनवाई नहीं हुई उसकी रक्षा नहीं हुई। उसकी मृत्यु के बाद उसे अपने घर की मिट्टी और हल्दी भी नसीब नहीं होने दी। सोनिया गांधी ने कहा कि उस बच्ची को अनाथों की तरह पुलिस के ज़ोर से जला दिया गया। ये कैसा न्याय है? ये कैसी सरकार है? आपको लगता है कि आप कुछ भी कर लेंगे और देश देखता रहेगा? बिलकुल नहीं! देश बोलेगा अन्याय के खिलाफ। मैं कांग्रेस की तरफ से हाथरस पीड़ित परिवार के न्याय की मांग के साथ खड़ी हूं।

देश अन्याय के खिलाफ बोलेगा
सोनिया गांधी ने उत्तर प्रदेश के हाथरस की घटना को लेकर बुधवार को भाजपा पर निशाना साधा और कहा कि वह एवं उनकी पार्टी पीड़ित परिवार की न्याय की मांग के साथ खड़ी हैं। उन्होंने एक वीडियो संदेश में कहा कि देश अन्याय के खिलाफ बोलेगा और भाजपा को देश तोड़ने नहीं दिया जाएगा।

समाज पर कलंक
सोनिया ने कहा, ‘‘आज देश के करोड़ों लोगों दुख और गुस्से में हैं। हाथरस की मासूम लड़की के साथ जो हुआ वो हमारे समाज पर कलंक है। मैं पूछना चाहती हूं कि क्या लड़की होना गुनाह है, क्या गरीब की लड़की होना अपराध होना है? उत्तर प्रदेश सरकार क्या कर रही थी?’’

मामले को दबाने की कोशिश
उन्होंने कहा, ‘‘हफ्तों तक परिवार की न्याय की पुकार को सुना नहीं गया। पूरे मामले को दबाने की कोशिश की गई। समय पर सही इलाज नहीं दिया गया।’’ आरोप लगाया, ‘‘ मैं कहना चाहती हूं कि हाथरस की निर्भया की मृत्यु नहीं हुई है, बल्कि उसे मारा गया है। एक निष्ठुर सरकार, उसके प्रशासन और सरकार की उपेक्षा द्वारा यह हुआ है।’’

यह घोर पाप है
उन्होंने कहा, ‘‘मृत्यु के बाद उसके शव को परिवार को सौंपा नहीं गया। एक मां को अपनी बेटी को आखिरी बार विदा नहीं करने दिया गया। यह घोर पाप है। जोर-जबरदस्ती करके लड़की का शव जला दिया गया है। मरने के बाद भी व्यक्ति की गरिमा होती है। हमारा हिंदू धर्म भी यह कहता है।’’

Exit mobile version