ताइवान के रक्षा मंत्रालय ने दावा किया है कि चीन ने गुरुवार को ताइवान के नज़दीक समुद्र में कई “बैलिस्टिक मिसाइल” दागी हैं।
चीन ताइवान को समुद्र में घेर कर अपना सैन्य अभ्यास कर रहा है। ताइवान ने इसे “क्षेत्रीय शांति को खतरे में डालने वाला विवेकहीन कदम” बताया है। चीन की पीपल्स लिबरेशन आर्मी ने भी मिसाइल दागे जाने की पुष्टि की है।
अमेरिकी प्रतिनिधि सभा की स्पीकर नैन्सी पेलोसी की ताइवान यात्रा से भड़के चीन ने ताइवान को धमकाने के लिए मंगलवार से रविवार तक लाइव-फायर सैन्य अभ्यास की घोषणा की थी।
इसी बीच ताइवान की राष्ट्रपति ने कहा है कि वह पीछे नहीं हटेंगी जबकि चीन ने दक्षिण चीन सागर में अमेरिका के सैन्य अभ्यास की आलोचना की
पिंगतान द्वीप पर मौजूद एएफपी के पत्रकार ने कहा कि उन्होंने कई छोटी मिसाइल आसमान में उड़ते हुए देखां। मिसाइलों ने सफेद धुंआ छोड़ा और धमाके की तेज़ आवाजें आईं। एएफपी के पत्रकार ने कहा कि वह मिसाइलों की पहचान तो नहीं कर पाए लेकिन उन्हें करीब के सैन्य ठिकानों से छोड़ा गया था।
ताइवान की सेना ने यह भी पुष्टि नहीं की है कि यह मिसाइलें कहां गिरीं और क्या वह द्वीप के ऊपर से गुज़रीं थीं।
उल्लेखनीय है कि चीन ताइवान के ईर्दगीर्द कई क्षेत्रों में सैन्य-अभ्यास कर रहा है। कुछ इलाके ताइवान के तट से केवल 20 किलोमीटर दूर हैं। यह सैन्य अभ्यास रविवार तक चलेगा।
ताइवान ने कहा है कि चीन स्थानीय समय के अनुसार शाम 4 बजे तक ताइवान के करीब समुद्र में 11 मिसाइलें दाग चुका है। चीन का यह सैन्य-अभ्यास अमेरिकी प्रतिनिधि सभा की स्पीकर नैन्सी पेलोसी की ताइवान में हुई यात्रा के विरोध में हो रहा है। चीनी मिसाइलों ने ताइवान के पास जहाज़ों को रास्ता बदलने पर मजबूर कर दिया।
ज्ञात रहे कि ताइवान जलडमरू समुद्री व्यापार के मामले में दुनिया के सबसे व्यस्त व्यापार मार्गों में से एक है लेकिन इस इलाके में चीन के सैन्य-अभ्यास के चलते इस इलाके में अधिकतर समुद्री जहाज़ों को अपना रास्ता बदलने पर मजबूर होना पड़ रहा है।