रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन के यूक्रेन दौरे के बाद सख्त कदम उठाने का एलान कर दिया है। उन्होंने अमेरिका के साथ बची एकमात्र परमाणु संधि को भी निलंबित दिया है। इस संधि को ‘न्यू स्टार्ट न्यूक्लियर ट्रीटी’ के नाम से जाना जाता था। पुतिन ने कहा कि अगर अमेरिका परमाणु हथियार परीक्षण करता है, तो रूस भी ऐसा करने के लिए तैयार है।
दरअसल, दोनों देशों के बीच 2010 में इस परमाणु संधि पर सहमति बनी थी। रूस-अमेरिका के साथ यही इकलौती परमाणु संधि बची थी। इसे भी अब सस्पेंड कर दिया गया है। यह संधि दोनों पक्षों के सामरिक परमाणु हथियारों (Nuclear arsenals) को सीमित करने को लेकर की गई थी।
संधि में क्या?
2010 में प्राग में नई START संधि पर हस्ताक्षर किए गए थे। यह संधि अगले साल लागू हुई और 2021 में अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन के पदभार ग्रहण करने के ठीक बाद पांच साल के लिए बढ़ा दी गई। यह संधि संयुक्त राज्य अमेरिका और रूस द्वारा तैनात किए जा सकने वाले रणनीतिक परमाणु हथियारों की संख्या को सीमित करती है। इसके जरिए भूमि और पनडुब्बी आधारित मिसाइलों और बमवर्षकों की तैनाती को सीमित किया जाता है।