यूक्रेन रूस के बीच चल रहे युद्ध का अभी तक कोई परिणाम सामने नहीं आ रहा है। इस बीच एक मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, यूक्रेन के रक्षा मंत्रालय ने कहा कि रूसी क्रूज मिसाइलों को हवाई हमले में नष्ट कर दिया। रिपोर्ट के अनुसार मिसाइलों को रूस के कब्जे वाले क्रीमिया में दजानकोई शहर से ट्रेन से ले जाया जा रहा था। क्रीमिया पर 2014 से रूस का कब्जा है।
हालांकि, यूक्रेन ने क्रीमिया विस्फोट और बाद में रूसी क्रूज मिसाइलों के नष्ट करने की जिम्मेदारी सीधे तौर पर नहीं ली है। बताया जा रहा है कि मिसाइलों को ट्रेन के जरिए ले जाया जा रहा था और इन्हें पनडुब्बी के जरिए लॉन्च किया जाना था। रूस के कब्जे वाले क्षेत्र क्रीमिया के प्रमुख सर्गेई अस्क्योनोव ने विस्फोट की पुष्टि की और कहा कि इसके परिणामस्वरूप रक्षा प्रणाली सक्रिय हो गई थी।
रूस के दो सबसे महत्वपूर्ण सैन्य हवाई क्षेत्र दजानकोई और ग्वार्देस्कोये में स्थित हैं। दजानकोई एक महत्वपूर्ण सड़क और रेल जंक्शन भी है, जो दक्षिणी यूक्रेन में रूस के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक हमले की क्रीमिया प्रायद्वीप के प्रमुख सर्गेई अस्क्योनोव ने पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि एक व्यक्ति घायल हुआ है। दो इमारतें क्षतिग्रस्त हो गईं।
पुतिन के खिलाफ जारी किया था गिरफ्तारी वारंट
अंतरराष्ट्रीय अपराध न्यायालय (आईसीसी) ने यूक्रेन में युद्ध अपराधों के लिए रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के खिलाफ शुक्रवार को गिरफ्तारी वारंट जारी किया था। कोर्ट ने कहा था कि पुतिन ने यूक्रेन में युद्ध अपराध किए हैं। वो यूक्रेनी बच्चों के अपहरण और डिपोर्टेशन के अपराध के लिए जिम्मेदार हैं। हालांकि, रूस ने युद्ध अपराधों के आरोपों से इनकार किया है। वारंट पर यूक्रेन की तरफ से भी प्रतिक्रिया दी गई है। युद्धग्रस्त देश ने कहा कि यह तो सिर्फ शुरुआत है। वारंट के बाद अब पुतिन के सामने और भी मुश्किल चुनौतियां आने वाली हैं।