26 C
Mumbai
Wednesday, September 27, 2023

आपका भरोसा ही, हमारी विश्वसनीयता !

महिला की पत्थर से कुचलकर हत्या व्याभिचार के आरोप में, आरोपी पति और उसका भाई फरार

पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में कथित तौर पर व्यभिचार करने के आरोप में एक महिला की पत्थर से कुचलकर हत्या कर दी गई। यह घटना लाहौर से करीब 500 किलोमीटर दूर पंजाब के राजनपुर जिले में शुक्रवार को हुई। पुलिस ने यह जानकारी दी। 

पुलिस के मुताबिक, महिला (20 वर्षीय) के पति ने उस पर व्यभिचार का आरोप लगाया। शुक्रवार को व्यक्ति ने अपने दो भाइयों के साथ मिलकर महिला को पेड़ से बांध दिया और पत्थर से कुचलकर उसकी हत्या कर दी। पत्थर मारने से पहले उन्होंने उसे बेरहमी से प्रताड़ित भी किया। अपराध को अंजाम देने के बाद दोनों भाई फरार हो गए। बताया जा रहा है कि वे पंजाब और बलूचिस्तान के बीच सीमावर्ती क्षेत्र में छिपे हुए हैं।

महिला राजनपुर की अलकानी जनजाति की थी। पाकिस्तान में हर साल सम्मान के नाम पर कई महिलाओं की हत्या कर दी जाती है। मानवाधिकार कार्यकर्ताओं के मुताबिक, पाकिस्तान में हर साल लगभग एक हजार महिलाओं को सम्मान के नाम पर (ऑनर किलिंग) मार दिया जाता है। माना जाता है कि पीड़ितों ने अपनी इच्छा के खिलाफ शादी करके या संबंध बनाकर अपने परिवारों को शर्मिंदा और अपमानित किया है। अक्सर ऐसी हत्याओं के पीछे परिवार के सदस्यों का हाथ होता है।
कुछ दिन पहले पंजाब के मियांवाली जिले में सम्मान के नाम पर एक डॉक्टर युवती (25 वर्षीय) की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस के अनुसार, डॉक्टर अपने सहकर्मी से शादी करना चाहती थी, लेकिन उसके पिता ने इससे इनकार कर दिया था।

उन्होंने कहा, ‘एक सप्ताह पहले डॉक्टर के पिता मियांवाली शहर में उसके क्लिनिक पर आए और इस मामले को लेकर उससे बहस की। बहस के दौरान उसने एक बंदूक निकाली और उस पर गोली चला दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे पास के एक अस्पताल ले जाया गया, जहां उसने दम तोड़ दिया।’

Latest news

ना ही पक्ष ना ही विपक्ष, जनता के सवाल सबके समक्ष

Related news

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here