रूस और यूक्रेन के बीच जंग थमने का नाम नहीं ले रही है। यह जंग दिन-ब-दिन और खतरनाक रूप ले रही है। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने रूस पर प्रतिबंध बढ़ाने की मांग की है। उन्होंने शनिवार को दावा किया कि पिछले सप्ताह कीव पर 103 शाहिद ड्रोन और 600 से अधिक ड्रोन हमले किए गए। इसके अलावा, मॉस्को ने कई निर्देशित हवाई बम और मिसाइलों का भी इस्तेमाल किया, जिसमें दुनिया भर से मंगाए गए 50,000 से अधिक घटक शामिल थे।
जेलेंस्की ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर कहा, ‘लगभग हम रूस के मिसाइलों और ड्रोन से अपने आकाश की रक्षा करते हैं। कल रात यूक्रेन पर 103 शाहीद ड्रोन से हमला हुआ, जिनमें 8,755 विदेशी घटक थे। पिछले सप्ताह, रूस ने 630 से अधिक हमलावर ड्रोन, लगभग 740 गाइडेड एरियल बम और करीब 50 मिसाइलों का इस्तेमाल किया। कुल मिलाकर 50,000 से ज्यादा घटक थे, जो दुनिया भर से आए थे।’
मदद देने वाले देशों से और ज्यादा सहयोग की जरूरत
जेलेंस्की ने कहा कि यूक्रेन को मदद देने वाले देशों से और ज्यादा सहयोग की जरूरत है। रूस अभी भी दुनिया भर से जरूरी सामान और उपकरण हासिल कर रहा है, जिससे वह यूक्रेन पर हमले कर रहा है। जेलेंस्की ने सभी देशों से ज्यादा प्रतिबंध लगाने, वायु रक्षा प्रणालियां मजबूत करने और लंबी दूरी के हथियारों का समर्थन बढ़ाने की अपील की है, ताकि यूक्रेन के शहरों, गांवों और अग्रिम मोर्चे को सुरक्षा मिल सके।
उन्होंने कहा, ‘हमारे सहयोगियों का समर्थन हमारे लिए बहुत महत्वपूर्ण है।’
इन शहरों पर हमला
बता दें, यूक्रेनी राष्ट्रपति ने एक वीडियो भी साझा किया था, जिसमें दिखाया गया कि किस तरह कीव, चेर्निहिव, सुमी, डोनेट्स्क, खेरसॉन, खार्किव और ड्निप्रो जैसे शहरों पर हमले हुए थे। इससे पहले अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने यूक्रेन की रक्षा को और मजबूत करने के लिए अतिरिक्त सहायता देने का एलान किया था।

