रूपर्ट मर्डोक के यूके टैब्लॉइड्स ने प्रिंस हैरी ने उनके गोपनीयता की उल्लंघन मामले को निपटाने के लिए माफी मांगी है। उनके (हैरी) वकील ने इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रिंस हैरी को एक बड़ी राशि का भुगतान किया जाएगा। न्यूज ग्रुप न्यूजपेपर ने 1996 और 2011 के बीच प्रिंस हैरी के निजी जीवन में हस्तक्षेप करने के लिए उनसे माफी मांगी। ऐसा पहली बार हुआ कि न्यूज ग्रुप न्यूजपेपर्स ने गलत काम को स्वीकार किया। उन्होंने बयान जारी कर फोन हैकिंग, पत्रकारों और प्राइवेट जांचकर्ताओं द्वारा निगरानी और निजी जानकारी के दुरुपयोग को स्वीकार किया। उन्होंने बयान में उनकी दिवंगत मां प्रिंसेस डायना की भी निजी जिंदगी की जानकारी हासिल करने के लिए माफी मांगी।
बयान में कहा गया, “हम ड्यूक को हुई परेशानी और उनके परिवारको हुए नुकसान के लिए माफी मांगते हैं। हम उन्हें पर्याप्त हर्जाना देने के लिए सहमत हैं।” 40 वर्षीय प्रिंस हैरी किंग चार्ल्स तृतीय के छोटे बेटे हैं। प्रिंस हैरी और एक अन्य व्यक्ति 1,300 से अधिक अन्य लोगों में से केवल दो शेष दावेदार थे, जिन्होंने न्यूज ग्रुप न्यूजपेपर्स के खिलाफ उन मुकदमों का निपटारा कर दिया था, जिनमें आरोप लगाया गया था कि उनके फोन हैक किए गए थे और जांचकर्ताओं ने उनके जीवन में अवैध रूप से हस्तक्षेप किया था।
मामला जैसे ही मंगलवार की सुबह को शुरू हुआ प्रिंस हैरी के वकील ने एक घंटे का अवकाश मांगा, अदालत ने शेष दिन के लिए सुनवाई को स्थगित कर दी। हालांकि, यह स्पष्ट हो गया था कि समझौते पर काम चल रहा है। यह मामला उन तीन मुकदमों में से एक था, जिसमें प्रिंस हैरी ने ब्रिटिश टैब्लॉइड्स पर फोन हैकिंग कर जासूसी करके और निजी जांचकर्ताओं का उपयोग करके गैरकानूनी तरीके उनकी गोपनीयता का उल्लंघन करने का आरोप लगाया था।
अदालत में गवाही देने वाले पहले शाही परिवार के सदस्य
2023 में प्रिंस हैरी 19वीं सदी के बाद से अदालत में गवाही देने वाले शाही परिवार के पहले वरिष्ठ सदस्य बन गए। बता दें कि प्रेस के साथ उनका विवाद युवावस्था से ही शुरू हो गया था, जब एक अखबार ने उनकी चोटों से लेकर उनकी गर्लफ्रेंड के साथ ड्रग्स लेने तक हर चीज पर रिपोर्टिंग की थी। प्रिंस हैरी अपनी मां की मौत के लिए मीडिया को जिम्मेदार ठहराते हैं। प्रिंसेस डायना की मौत 1997 में पेरिस में पत्रकारों द्वारा पीछा करने के दौरान एक कार हादसे में हुई थी।
प्रिंस हैरी ने अदालत में बताया कि उनके पिता ने इस मुकदमें का विरोध किया था। उन्होंने कहा कि उनके बड़े भाई प्रिंस विलियम ने न्यूज ग्रुप के खिलाफ एक मामले का निपटारा कर लिया था। इस मामले को लेकर उनके वकील ने बताया कि इस मामले का निपटान करने के लिए एक मिलियन पाउंड ((1.23 मिलियन अमेरिकी डॉलर) का भुगतान किया गया था।
अभिनेता ह्यूज ग्रैंट समेत प्रिंस हैरी उन शिकायतकर्ताओं में से एक हैं जिन्होंने न्यूज ग्रुप पत्रकारों और जांचकर्ताओं पर 1994 से 2016 के बीच वाइसमेल को इंटरसेप्ट करके, फोन टैप करके और कारों को बगिंग करके उनकी गोपनीय जानकारी हासिल करने का आरोप लगाया था।

