चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने शुक्रवार को अमेरिका के नवनिर्वाचित राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से टेलीफोन पर बातचीत की। दोनों नेताओं के बीच फोन पर बातचीत ऐसे समय में हुई, जब 20 जनवरी को ट्रंप का शपथ ग्रहण समारोह होने वाला है। आधिकारिक चीनी मीडिया ने यह जानकारी दी।
टेलीफोन पर बातचीत के बाद ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया मंच पर बताया कि उन्होंने चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के साथ कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर बातचीत की। इनमें व्यापार, फेंटेनाइल (ड्रग) और टिकटॉक जैसे मुद्दे शामिल थे। उन्होंने लिखा, चीन और अमेरिका के लिए यह बातचीत बहुत अच्छी रही। मुझे उम्मीद है कि हम साथ मिलकर कई समस्याओं का समाधान करेंगे और यह जल्द शुरू होगा। हमने व्यापार, फेंटेनाइल, टिकटॉक और अन्य कई मुद्दों पर चर्चा की। उन्होंने आगे कहा, राष्ट्रपति शी और मैं पूरी कोशिश करेंगे ताकि दुनिया को और अधिक शांतिपूर्ण व सुरक्षित बनाया जा सके।
ट्रंप के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे चीनी उप राष्ट्रपति
साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक, शी जिनपिंग ने ट्रंप के शपथ ग्रहण समारोह में सिरकत करने के लिए उप राष्ट्रपति हान झेंग को भेजा है। यह पहला मौका है जब एक वरिष्ठ चीनी अधिकारी अमेरिकी राष्ट्रपति के शपथ ग्रहण में भाग लेगा। इससे पहले, छह जनवरी को ट्रंप ने कहा था कि वह और शी प्रतिनिधियों के माध्यम से संपर्क में रहे हैं और दोनों देशों के संबंधों को लेकर आशावादी हैं।
ट्रंप के दूसरे कार्यकाल में अमेरिका-चीन संबंध में व्यापार, प्रौद्योगिकी और ताइवान जैसे मुद्दों को लेकर तनाव देखने को मिल सकता है। ट्रंप ने चीन से आयात होने वाली सभी वस्तुओं पर 60 फीसदी शुल्क लगाने की धमकी दी थी। हालांकि उन्होंने शी के साथ संबंधों की सराहना की और कहा कि चीन यूक्रेन युद्ध जैसे अंतरराष्ट्रीय संकटों को सुलझाने में मदद कर सकता है।

