तृणमूल कांग्रेस ने भाजपा पर पश्चिम बंगाल के नादिया जिले में विपक्ष नेता शुभेंदु अधिकारी की एक सार्वजनिक बैठक के लिए पैसे न देने पर एक व्यापारी के साथ मारपीट का आरोप लगाया है।
तृणमूल के वरिष्ठ नेता और पश्चिम बंगाल के मंत्री पार्थ भौमिक ने मीडिया को बताया कि पैसे देने से इनकार करने पर व्यापारी को भाजपा के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने बहुत पीटा। हालांकि, भाजपा ने इन आरोपों को बेबुनियाद बताया है। भाजपा प्रवक्ता शमिक भट्टाचार्य ने कहा, ‘हम ऐसी गतिविधियों में शामिल नहीं होते जो तृणमूल कांग्रेस की पहचान है। भाजपा कभी भी गुंडागर्दी या जबरन वसूली का समर्थन नहीं करती है।’
भौमिक ने आरोप लगाते हुए कहा, ‘भाजपा का नकाब उतर चुका है। पार्टी के कार्यक्रमों के लिए जनता से जबरन वसूली करना, उनपर आत्याचार करना, पार्टी का यह असली चेहरा सबके सामने आ चुका है। भाजपा नादिया जिले के छोटे व्यापारियों को कैसे परेशान करती है, इसका खुलासा हो चुका है। व्यापारी गंभीर रूप से घायल है। इस पर शुभेंदु अधिकारी क्या कहेंगे?’
तृणमूल कांग्रेस ने एक्स पर पोस्ट कर कहा, ‘पुरुलिया और नादिया में शर्मनाक हरकत! भाजपा मंडल कमेटी के अध्यक्ष और उसके भाई ने पैसे देने इनकार करने वाले व्यापारी को बुरी तरह से पीटा। भाजपा का असली रंग सबके सामने आ चुका है।’ तृणमूल कांग्रेस ने भाजपा की निंदा करते हुए आगे कहा कि यह शर्म की बात है कि जनता के हित के लिए काम करने का वादा करने वाली पार्टी जनता को परेशान कर रही है।

