30 C
Mumbai
Friday, May 22, 2026

आपका भरोसा ही, हमारी विश्वसनीयता !

ट्रंप के टैरिफ लगाने के जवाब में कनाडा भी उठा सकता है सख्त कदम, ऊर्जा की सप्लाई रोकने पर विचार

अमेरिका के नवनिर्वाचित राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बीते महीने कनाडा पर भारी-भरकम टैरिफ लगाने की बात कही थी। अब खबर आई है कि कनाडा की सरकार भी ट्रंप के ऐसे किसी कदम पर सख्त कदम उठा सकती है। दरअसल कनाडा के विभिन्न राज्यों के प्रीमियर्स (सीएम) ने प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो को सलाह दी है कि अगर अमेरिका, कनाडा पर टैरिफ लगाने का फैसला करता है तो कनाडा को भी तीखा पलटवार करना चाहिए। कुछ प्रीमियर्स ने कनाडा से अमेरिका को होने वाली ऊर्जा की सप्लाई बंद करने की भी सलाह दी है। 

कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो ने बुधवार को देश के विभिन्न राज्यों को प्रीमियर्स के साथ बैठक की। इस बैठक में डोनाल्ड ट्रंप के टैरिफ लगाने के कदम के जवाब पर चर्चा की गई। ट्रंप के कनाडा पर टैरिफ लगाने के बयान के बाद यह दूसरी ऐसी बैठक थी, जिसमें कनाडा द्वारा अमेरिका के खिलाफ उठाए जाने वाले कदमों पर चर्चा की गई। इस बैठक में कनाडा की वित्त मंत्री क्रिस्टिया फ्रीलैंड भी थीं। बैठक के दौरान कई प्रीमियर्स ने अमेरिका के खिलाफ सख्त कदम उठाने की ट्रूडो सरकार को सलाह दी। 

अमेरिका की ऊर्जा सप्लाई रोकने की सलाह
कनाडा की वित्त मंत्री ने बैठक के बाद बताया कि कुछ राज्यों के प्रीमियर्स ने उन उत्पादों की पहचान करने और उनका निर्यात रोकने की सलाह दी है, जो कनाडा से अमेरिका को निर्यात किए जाते हैं और जो अमेरिका के लिए अहम हैं। कनाडा द्वारा काफी मात्रा में अमेरिका को तेल, नेचुरल गैस और बिजली की सप्लाई की जाती है। कुछ प्रीमियर्स ने अमेरिका की ये ऊर्जा सप्लाई रोकने की सलाह दी। 

ट्रंप ने दिया था ये बयान
उल्लेखनीय है कि डोनाल्ड ट्रंप ने बीते महीने एक बयान में कनाडा और मैक्सिको से आने वाले सामान पर 25 फीसदी तक टैरिफ लगाने की बात कही थी। ट्रंप ने कहा था कि जब तक ये देश अपने सीमा से होने वाली ड्रग्स की सप्लाई और अवैध अप्रवासियों को नहीं रोकते हैं, तब तक वे टैरिफ लगाएंगे। अमेरिका और कनाडा के बीच सालाना व्यापार अरबों डॉलर का है। अमेरिका के ट्रेड रिप्रजेंटेटिव्स के आंकड़ों के अनुसार, अमेरिका और कनाडा के बीच साल 2022 में 614 अरब डॉलर का व्यापार हुआ था। ऐसे में अगर ट्रंप, कनाडा से आने वाले सामान पर टैरिफ लगाने का फैसला करते हैं और उसके जवाब में कनाडा भी सख्त कदम उठाता हो तो इससे दोनों देशों के रिश्तों में तनातनी पैदा हो सकती है। 

ताजा खबर - (Latest News)

Related news

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here