Site icon Manvadhikar Abhivyakti News

भाजपा को हराने के लिए समाजवादी एकजुट हो,शिवपाल

छिबरामऊ (कन्नौज) प्रगतिशील समाजवादी पार्टी को भाजपा की बी टीम बताने वाले दिल्ली में बैठकर भाजपा की ए टीम का काम कर रहे हैं। समाजवादियों ने समाज के दम पर चार बार सरकार बनाई। भाजपा को हराने के लिए पूरे देश के समाजवादियों को एक होना पड़ेगा। यह बात प्रगतिशील समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव ने एक अस्पताल का शुभारंभ करने के बाद जनसभा में कहीं।
उन्होंने कहा कि कन्नौज ने नेताजी मुलायम सिंह यादव को एक बार, अखिलेश को तीन बार और डिंपल को दो बार जिताया। प्रधानमंत्री ने जो वादे किए वह अभी तक एक भी पूरा नहीं हुए। अच्छे दिन व रामराज की जगह प्रदेश में ठोक दो की नीति चल रही है। काला धन वापस लाने वाले कितना वापस लाए। 100 दिन में भ्रष्टाचार खत्म करने वालों ने पूरे प्रदेश में भ्रष्टाचार व्याप्त करा दिया। किसानों की आय दोगुनी करने का वादा तो पूरा नहीं किया, बल्कि पीड़ित किसान सर्दी में किसान बिल के विरोध में सड़कों पर है। सरकार जो भी निर्णय कर रही है, वह पूंजीपतियों को लाभ पहुंचाने के लिए कर रही है। दो करोड़ लोगों को प्रतिवर्ष रोजगार का वादा करने वाली सरकार ने रोजगार तो नहीं दिया, बल्कि एसआईटी जांच कराकर युवाओं को बेरोजगार कर दिया, जबकि जांच में कोई दोषी नहीं मिला। बिजली बिल, पेट्रोल तथा डीजल की बढ़ी कीमतों से किसानों का नुकसान हुआ। बिना प्रगतिशील पार्टी के सहयोग के 2022 में कोई सरकार नहीं बना पाएगा। जनसभा को पूर्व राज्यमंत्री रामबाबू यादव, पूर्व जिलाध्यक्ष संतोष यादव, महिला जिलाध्यक्ष गुड्डी शाक्य ने भी संबोधित किया। इससे पहले प्रसपा अध्यक्ष ने एक हॉस्पिटल का शुभारंभ किया। हीरालाल कालेज के प्रधानाचार्य जितेंद्र यादव, ऋषि भूमि इंटर कालेज के प्रधानाचार्य नरेंद्र यादव तथा जिलाध्यक्ष देवपाल सिंह यादव ने चांदी का मुकुट पहनाकर स्वागत किया। हॉस्पिटल के प्रबंध निदेशक आलोक प्रताप सिंह ने प्रतीक चिन्ह तथा 51 किलो की माला पहनाकर स्वागत किया गया।
शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि मैंने हमेशा ही लोगों से संतों, माता-पिता तथा अपने से बड़ों का सम्मान करने की बात कही लेकिन नेताजी व मेरा अपमान हुआ। शिक्षक से लेकर प्रधानाचार्य का भी सम्मान होना चाहिए। राजनीति में संघर्ष के साथ त्याग की भावना भी होनी चाहिए। त्याग के लिए हम तैयार है, जनता कहेगी तो चुनाव नहीं लड़ेंगे लेकिन मेरे पीछे जो प्रदेश की जनता है, उसके स्वाभिमान सम्मान की रक्षा करने की जिम्मेदारी मेरी है।

Exit mobile version