पाकिस्तान के अशांत खैबर पख्तूनख्वा प्रांत से एक दुखद जानकारी सामने आई है। यहां पोलियो कर्मचारियों को ले जा रहे एक वाहन को निशाना बनाकर विस्फोट किया गया। इसमें सुरक्षा बलों के तीन कर्मियों की मौत हो गई और दो अन्य घायल हो गए।
यह घटना डेरा इस्माइल खान जिले के दरबान इलाके में मंगलवार को उस समय हुई, जब पोलियो ड्यूटी के लिए जा रहे सुरक्षा बलों के एक वाहन पर सड़क किनारे इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (आईईडी) के जरिए विस्फोट किया गया। मरने वालों की पहचान अशफाक, मुख्तियार वली और मुहम्मद आरिफ के रूप में हुई है।
पहले भी हो चुकी हैं ऐसी घटनाएं
अभी तक किसी भी गुट ने हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है। इस हमले से एक दिन पहले खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में अलग-अलग घटनाओं में एक पोलियो कर्मी और एक पुलिस कांस्टेबल की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।
पाकिस्तान में सोमवार से शुरू हुए पोलियो रोधी अभियान के पहले ही दिन अज्ञात हमलावरों ने बन्नू जिले में गोलीबारी कर एक पोलियो कर्मी की हत्या कर दी थी। पुलिस ने बताया कि मृतक पोलियो कर्मी ड्यूटी पर जा रहा था जब काला खेल मस्ती खान में उस पर हमला किया गया।
करक जिले में एक अन्य घटना में पोलियो कर्मियों की टीम को एस्कॉर्ट कर रहे कांस्टेबल इश्तियाक अहमद की उस समय मौत हो गई थी, जब मोटरसाइकिल सवार अज्ञात लोगों ने गोलियां चलाईं।
अब तक 63 मामले सामने आए
पाकिस्तान में पोलियो उन्मूलन अभियान कड़ी सुरक्षा के बीच शुरू हुआ ताकि पोलियो के इस गंभीर बीमारी से निपटने में इस साल तेजी देखी गई और अब तक इसके 63 मामले सामने आ चुके हैं। विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) के अनुसार, पाकिस्तान और अफगानिस्तान एकमात्र ऐसे देश हैं जहां पोलियो अभी भी बड़े पैमाने पर फैला हुआ है।
एक सप्ताह तक चलने वाले पोलियो रोधी अभियान के दौरान पांच वर्ष से कम आयु के चार करोड़ 47 लाख से अधिक बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी। पोलियो वायरस के पुनरुत्थान को रोकने के लिए देश के 143 जिलों में अभियान शुरू हो गया है।

