डीडी न्यूज के इंटरव्यू में फूटा भाजपा सांसद का गुस्सा, कहा- ‘इनका फॉर्मूला ही आ बैल मुझे मार वाला है’
नई दिल्ली: अभिनेत्री और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की लोकसभा सांसद कंगना रनौत अपने बेबाक और तीखे बयानों को लेकर एक बार फिर सुर्खियों में हैं। डीडी न्यूज को दिए एक साक्षात्कार में कंगना ने अभिनेत्री कृति सेनन के हालिया बयान और कांग्रेस नेता राहुल गांधी की कार्यशैली पर जमकर निशाना साधा। जब उनसे पूछा गया कि वे अक्सर विवादों से जुड़े मामलों में क्यों कूद पड़ती हैं, तो उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि इन लोगों का फॉर्मूला ही ‘आ बैल मुझे मार’ वाला होता है।
कृति सेनन के कपड़ों वाले बयान पर उठाए सवाल कृति सेनन द्वारा लड़कियों के कपड़ों की पसंद को लेकर दिए गए बयान पर सवाल पूछे जाने पर कंगना ने इसे बचकाना सोच करार दिया। कंगना ने कहा कि सार्वजनिक विज्ञापनों और ज्वेलरी ब्रांड्स के लिए शूट करने वाले कलाकार ही जब यह ज्ञान देने लगते हैं कि कपड़े मायने नहीं रखते, तो यह समझ से परे है। उन्होंने कहा कि आप जिस चीज को बढ़ावा दे रहे हैं, उसी के विपरीत बातें करना दोहरा रवैया है।
राहुल गांधी और पितृसत्ता पर साधा निशाना बातचीत के दौरान जब कृति सेनन के बयान के संदर्भ में राहुल गांधी का जिक्र हुआ, तो कंगना ने कांग्रेस सांसद की सोच पर भी कड़े सवाल खड़े किए। कंगना ने कहा कि राहुल गांधी अपनी ही सोच में उलझे हुए हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि जब तीन-तीन साल की मासूम बच्चियों को बुर्का पहनाया जाता है, तब किसी को समाज में पितृसत्ता (Patriarchy) नजर क्यों नहीं आती, जबकि उस उम्र में बच्ची को बुर्के का मतलब तक पता नहीं होता।

