मुरादाबाद मंडलायुक्त ने जारी किया आदेश, आरडीए के फैसले के खिलाफ यूनिवर्सिटी प्रशासन ने दायर की थी याचिका
रामपुर (एएनआई/आईएएनएस): उत्तर प्रदेश के रामपुर स्थित मोहम्मद अली जौहर यूनिवर्सिटी प्रशासन को प्रशासनिक स्तर पर बड़ी राहत मिली है। यूनिवर्सिटी परिसर में बनी 38 इमारतों को गिराने की प्रस्तावित कार्रवाई पर मुरादाबाद मंडलायुक्त आन्जनेय कुमार सिंह ने अंतरिम रोक लगा दी है। वे रामपुर विकास प्राधिकरण (RDA) के अध्यक्ष भी हैं।
स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, रामपुर विकास प्राधिकरण द्वारा यूनिवर्सिटी की इमारतों के खिलाफ ध्वस्तीकरण का आदेश जारी किया गया था। इस आदेश को चुनौती देते हुए यूनिवर्सिटी प्रशासन ने मंडलायुक्त की अदालत में अपील दायर की थी, जिस पर सुनवाई करते हुए कोर्ट ने कार्रवाई पर अंतरिम स्टे लगा दिया।
कानूनी प्रक्रिया के तहत लिया गया फैसला
मामले की जानकारी देते हुए रामपुर के जिलाधिकारी अजय द्विवेदी ने बताया कि यूनिवर्सिटी प्रशासन ने आरडीए के फैसले के खिलाफ अपील की थी। आरडीए अध्यक्ष होने के नाते मुरादाबाद मंडलायुक्त इस मामले में सुनवाई का अधिकार रखते हैं, इसलिए इस तरह की अंतरिम रोक कानूनी प्रक्रिया का एक सामान्य हिस्सा है।
उन्होंने कहा कि मौखिक रूप से आदेश की जानकारी मिल गई है और प्रशासनिक प्रति प्राप्त होने के बाद आगे की स्थिति और स्पष्ट हो जाएगी। इस फैसले के बाद फिलहाल जौहर यूनिवर्सिटी की 38 इमारतों पर किसी भी तरह की बुलडोजर कार्रवाई नहीं की जाएगी।

