अहिल्यानगर, पुणे, नासिक और बुलढाणा में छापेमारी, 95 टन खाद्य सामग्री और 172 लीटर दूध पकड़ाया
मुंबई: महाराष्ट्र में गणेश चतुर्थी के साथ शुरू हो रहे त्योहारी सीजन के मद्देनजर खाद्य एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) ने मिलावटखोरों और घटिया खाद्य पदार्थों के खिलाफ बड़ा अभियान शुरू किया है। पिछले 48 घंटों के दौरान एफडीए की विशेष टीमों ने राज्य के चार प्रमुख जिलों—अहिल्यानगर, पुणे, नासिक और बुलढाणा में सुनियोजित छापेमारी और जांच अभियान चलाया। इस कार्रवाई के तहत कुल 4.45 करोड़ रुपये मूल्य के 95 टन से अधिक संदिग्ध खाद्य उत्पाद और 172 लीटर दूध जब्त किया गया है।
त्योहारों में बढ़ती मांग को लेकर विशेष निगरानी गणेशोत्सव और आगामी पर्वों के दौरान राज्य भर में खोया, पनीर, विभिन्न प्रकार की मिठाइयों तथा दूध से बने अन्य उत्पादों की मांग में भारी बढ़ोतरी दर्ज की जाती है। इसी मांग का अनुचित लाभ उठाकर बाजार में अमानक और मिलावटी सामग्री खपाने की आशंका बढ़ जाती है। एफडीए ने नागरिकों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए यह सुनिश्चित करने के लिए सघन जांच शुरू की है कि आमजन को केवल सुरक्षित और उच्च गुणवत्ता वाले उत्पाद ही उपलब्ध हों।
नमूनों को भेजा गया लैब, नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई जब्त किए गए पदार्थों के मानक नमूने एकत्र कर प्रयोगशाला में रासायनिक परीक्षण के लिए भेजे गए हैं। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत निर्धारित मानकों का उल्लंघन करने वाले निर्माताओं, विक्रेताओं और थोक व्यापारियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। आगामी दिनों में भी यह निगरानी अभियान राज्य के अन्य जिलों में इसी प्रकार निरंतर जारी रहेगा।

