अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की नीतियों के कारण वैश्विक व्यापार युद्ध का व्यापक असर दिखने लगा है। दुनियाभर के शेयर बाजारों में बड़े पैमाने पर गिरावट देखी जा रही है। चीन की तरफ से लगाए गए 34 फीसदी टैरिफ से बौखलाए अमेरिका ने चीन पर 104 फीसदी शुल्क लगाने का एलान किया। अब चीन ने इस अमेरिकी कार्रवाई पर जवाब दिया है। ट्रंप ने चीन पर शिकंजा कसने का एलान किया, लेकिन चीन इससे बेपरवाह दिख रहा है। चीनी प्रीमियर ली कियांग ने मुंहतोड़ जवाब देते हुए कहा, उनके देश के पास किसी भी नकारात्मक और बाहरी झटके को ‘पूरी तरह से संतुलित’ करने के पर्याप्त उपाय हैं। अब विदेश मंत्रालय ने अमेरिकी रूख पर बयान जारी किया है।
बता दें कि अमेरिका ने नई टैरिफ नीतियों के तहत चीन पर 104%, वियतनाम पर 46%, बांग्लादेश पर 37% और थाइलैंड पर 36% शुल्क लगाया है। इस पर बुधवार को चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता लिन जियान ने कहा, चीन अपने अधिकारों और हितों की रक्षा के लिए “दृढ़ और सशक्त” कदम उठाएगा। उन्होंने कहा, फिलहाल चीन ने अमेरिका पर कोई नया टैरिफ लगाने की घोषणा नहीं की है। बता दें कि अमेरिका के कुछ सबसे बड़े व्यापारिक साझेदारों समेत 60 देशों पर टैरिफ बुधवार यानी 9 अप्रैल से लागू हो गए हैं।
अमेरिका ने चीन पर अतिरिक्त टैरिफ तब लगाया जब बीजिंग ने अमेरिका पर लगाए गए 34 फीसदी शुल्क को वापस लेने से इन्कार कर दिया। इससे बौखलाए अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने 104 फीसदी टैरिफ के फैसले को मंजूरी दे दी।

