31 C
Mumbai
Sunday, May 17, 2026

आपका भरोसा ही, हमारी विश्वसनीयता !

नाइजीरिया में आई भीषण बाढ़ से अब तक 88 लोगों की मौत, बांध टूटने के बाद बिगड़ी स्थिति

नाइजीरिया के नाइजर राज्य के मोक्वा नामक बाजार कस्बे में गुरुवार को आई भीषण बाढ़ के चलते कम से कम 88 लोगों की मौत हो गई है। यह जानकारी नाइजर राज्य की राजधानी मिन्ना में आपदा प्रबंधन कार्यालय के प्रमुख हुसैनी इसा ने दी।

इसा ने शुक्रवार को बताया कि राहत और बचाव कार्य अभी भी जारी हैं और मरने वालों की संख्या लगातार बढ़ रही है। पहले की रिपोर्टों में मृतकों की संख्या 20 बताई गई थी। उन्होंने बताया, “संख्या बढ़ती जा रही है। लेकिन अब तक 88 शव बरामद किए जा चुके हैं। यह बाढ़ कई घंटों तक लगातार हुई मूसलधार बारिश के कारण आई। स्थानीय निवासियों और सरकारी अधिकारियों के अनुसार, पास के एक कस्बे में स्थित बांध के टूटने से स्थिति और गंभीर हो गई।

मोक्वा एक प्रमुख व्यापारिक केंद्र है, जहां देश के दक्षिणी हिस्से से व्यापारी और उत्तरी हिस्से के किसान मिलते हैं। इससे पहले सितंबर में भी एक ऐसी ही घटना हुई थी जब नाइजीरिया के पूर्वोत्तर मिदुगुरी क्षेत्र में भारी बारिश और एक बांध के टूटने से भीषण बाढ़ आ गई थी। उस समय कम से कम 30 लोगों की जान गई थी और लाखों लोग बेघर हो गए थे। यह क्षेत्र पहले से ही बोको हराम उग्रवाद के कारण मानवीय संकट से जूझ रहा था।

नाइजीरिया में अक्सर मौसमी बाढ़ आती है, खासकर उन इलाकों में जो नाइजर और बेन्यू नदी के किनारे बसे हैं। ये बाढ़ स्थानीय समुदायों के जीवन और आजीविका पर गंभीर असर डालती हैं।

ताजा खबर - (Latest News)

Related news

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here