मुंबई पुलिस ने एक व्यक्ति को नाबालिग बेटी के साथ दुष्कर्म करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया कि आरोपी की पहचान 42 वर्षीय इंसान हुसैन शेख के रूप में की गई है। आरोपी के खिलाफ आईपीसी की धारा 376, 376 (N) और पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस अधिकारी ने कहा कि नाबालिग लड़की के गर्भवती होने के बाद मामला सामने आया, जिसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
वहीं, महाराष्ट्र के अहमदनगर जिले में अधिकारियों ने बंधुआ मजदूर के रूप में काम कर रहे 13 बच्चों को छुड़ाया है। एक अधिकारी ने गुरुवार को कहा कि ये कुछ चरवाहों के साथ कथित रूप से बंधुआ मजदूरी कर रहे थे। अहमदनगर के कलेक्टर राजेंद्र भोसले ने कहा कि सभी बच्चों की उम्र 12 साल से अधिक है। इनको नासिक के इगतपुरी से लाया गया था और संगमनेर तहसील में भेड़ और अन्य पशुओं की देखभाल के लिए मजबूर किया गया था।
आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज
उन्होंने कहा कि बच्चों के माता-पिता को मामूली पैसे और प्रति वर्ष दो भेड़ देने का आश्वासन देकर उन्हें यहां लाया गया था। कुछ बच्चों को उनके परिवारों से मिला दिया गया है और अन्य को आश्रय केंद्र में रखा गया है। कलेक्टर ने कहा कि इन बच्चों को काम पर रखने वालों पर बंधुआ मजदूरी प्रथा (उन्मूलन) अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।

