हादसे में जान गंवाने वाले 26 लोगों के परिवारों के पुनर्वास और घायलों के मुफ्त इलाज की उठाई मांग
कांग्रेस नेता देबब्रत सैकिया ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर सड़क हादसे के पीड़ितों के लिए मुआवजे की राशि बढ़ाने की मांग की। उन्होंने घायलों को मुफ्त इलाज मुहैया कराने और हादसे में जान गंवाने वाले 26 लोगों के परिवारों को आजीविका के लिए आर्थिक सहायता देने की अपील की। सैकिया ने नेशनल हाईवे-715 (NH-715) की खराब स्थिति पर चिंता जताते हुए सड़क सुरक्षा के जरूरी उपायों की अनदेखी का आरोप लगाया। विधानसभा में विपक्ष के पूर्व नेता सैकिया ने सड़क की स्थिति, डिजाइन, रखरखाव, यातायात प्रबंधन और सुरक्षा इंतजामों की गहन जांच कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि हादसे के बाद केवल आर्थिक सहायता देना पर्याप्त नहीं है, बल्कि पीड़ित परिवारों के पुनर्वास के लिए भी ठोस कदम उठाए जाने चाहिए। साथ ही, उन्होंने हाईवे सुरक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं और बुनियादी ढांचे में तत्काल सुधार की अपील की।

