अमेरिका में बीते दिनों यूनाइटेड हेल्थकेयर इंश्योरेंस कंपनी के सीईओ ब्रायन थॉम्पसन की हत्या के मामले में आरोपी के खिलाफ मुकदमा शुरू हो गया है। आरोपी लुइजी मैंगियोन के खिलाफ 11 आरोप तय हुए हैं, जिनमें हत्या, गोलीबारी और आतंकवाद जैसे आरोप शामिल हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, आरोपी को अगर दोषी पाया जाता है तो उसे उम्रकैद की सजा तक हो सकती है।
न्यूयॉर्क के मैनहट्टन के डिस्ट्रिक्ट अटॉर्नी एलविन ब्राग ने कहा कि यह डरावनी, सुनियोजित हत्या थी। उन्होंने कहा कि यह हत्या शहर के भीड़भाड़ वाले इलाके में हुई, इससे स्थानीय लोगों, पर्यटकों, व्यापारियों की सुरक्षा के लिए भी खतरा पैदा हुआ है। यही वजह है कि आरोपी के खिलाफ आतंकवाद के भी आरोप लगाए गए हैं। 26 वर्षीय आरोपी मैंगियोन को अगर हत्या का दोषी पाया जाता है तो उसे उम्रकैद की सजा हो सकती है।
बीती 4 दिसंबर को न्यूयॉर्क के मिडटाउन मेन होटल के बाहर यूनाइटेड हेल्थकेयर के बाहर CEO ब्रायन थॉम्पसन (50 साल) की पीठ में एक नकाबपोश शख्स ने गोली मार दी। यूनाइटेड हेल्थकेयर अमेरिका की सबसे बड़ी हेल्थ इंश्योरेंस कंपनी है। पुलिस ने हादसे के 5 दिन बाद आरोपी लुइजी मैंगियोन को पकड़ लिया।
हत्यारे को मिल रहा लोगों का समर्थन
गौरतलब है कि लुइजी मैंगियोन को बड़ी संख्या में लोगों का समर्थन भी मिल रहा है। लोग उसकी तुलना रॉबिनहुड से कर रहे हैं। दरअसल ब्रायन को लगी गोलियों के खोखे पर तीन शब्द डिनाइ (मना करना), डिफेंड (बचाव करना) और डिपोज (रफा-दफा करना) लिखा हुआ था। ये शब्द बीमा कंपनियों पर आधारित है। अमेरिका में हेल्थ केयर इंश्योरेंस इंडस्ट्री को लेकर लोगों में भारी गुस्सा है और लोग मानते हैं कि ये कंपनियां भ्रष्ट हैं और लोगों को इंश्योरेंस क्लेम देने में आनाकानी करती हैं। यही वजह है कि मैंगियोन को समर्थन मिल रहा है और उसके लिए लोगों ने लाखों डॉलर इकट्ठे किए हैं।

