इस्राइल ने गाजा पट्टी पर रात भर ताबड़तोड़ हमले किए। इन हमलों में कम से कम 55 फलस्तीनी नागरिकों की मौत हो गई। खान यूनिस के अधिकारियों के अनुसार, 14 लोगों के शव नासिर अस्पताल में लाए गए हैं। इनमें से नौ एक ही परिवार के हैं। मृतकों में पांच बच्चे और चार महिलाएं शामिल हैं।
अस्पताल अधिकारियों के अनुसार, एक से सात साल की उम्र के पांच बच्चों और एक गर्भवती महिला सहित 19 अन्य लोगों के शव खान यूनिस के पास यूरोपीय अस्पताल ले जाए गए। इसके अलावा, गाजा शहर में 21 शवों को अहली अस्पताल ले जाया गया है। इनमें सात बच्चे भी शामिल हैं।
इस्राइली हमलों से एक दिन पहले, वरिष्ठ सरकारी अधिकारियों ने कहा था कि इस्राइल गाजा के बड़े क्षेत्रों पर कब्जा करेगा। इसके बाद फलस्तीनी क्षेत्र में एक नया सुरक्षा गलियारा स्थापित किया जाएगा। इस्राइल ने कहा है कि वह 18 महीने से चल रहे युद्ध को तब तक जारी रखेगा, जब तक कि आतंकवादी समूह हमास अपने हथियार नहीं डालेगा और शेष बंधकों को रिहा नहीं करेगा। इसके अलावा, इस्राइल ने भोजन, ईंधन और मानवीय सहायता के सभी आयातों पर एक महीने के लिए रोक लगा दी है, जिससे आपूर्ति कम होने के कारण नागरिकों को भारी संकट का सामना करना पड़ रहा है।
इस बीच, इस्राइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने बुधवार को घोषणा की है कि इस्राइल गाजा पट्टी में एक नया सुरक्षा गलियारा स्थापित कर रहा है, जिसके चलते राफा शहर को फलस्तीनी क्षेत्र से काट दिया जाएगा। नेतन्याहू ने इस सुरक्षा गलियारे को ‘मोराग कॉरिडोर’ का नाम दिया है, जो राफा और खान यूनिस के बीच होगा। नेतन्याहू ने कहा कि यह ‘दूसरा फिलाडेल्फिया कॉरिडोर’ होगा, जो मिस्र के साथ सीमा के गाजा पक्ष को दक्षिण की ओर संदर्भित करता है, जो मई 2024 से इस्राइल के नियंत्रण में है। नेतन्याहू ने कहा कि हम पट्टी को काट रहे हैं और हमास पर कदम दर कदम दबाव बढ़ा रहे हैं, ताकि वो हमें हमारे बंधक सौंप दे।

