वेनेजुएला की विपक्षी नेता मारिया कोरिना मचाडो को गुरुवार को कराकस में सरकार विरोधी प्रदर्शन से बाहर निकलते वक्त सुरक्षा बलों ने गिरफ्तार कर लिया गया। खबर है कि मचाडो के मोटरसाइकिल काफिले पर गोलीबारी भी की गई, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार किया गया। बता दें कि मारिया कोरिना मचाडो के द्वारा किया गया ये प्रदर्शन राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को सत्ता से बाहर करने के लिए किया गया था, जिसके लिए वे कई महीनों के बाद जनता के सामने आईं थी।
बता दें कि यह विरोध प्रदर्शन मादुरो द्वारा तीसरे कार्यकाल के लिए शपथ लेने से एक दिन पहले हो रहा था, जिसको लेकर विपक्ष का दावा है कि मादुरो ने चुनाव में जीत हासिल नहीं की है। हालांकि, प्रदर्शन में अनुमान से बेहद कम लोग शामिल हुए क्योंकि मादुरो के सुरक्षा बलों ने प्रदर्शनकारियों को घेर लिया था।
मचाडो की प्रेस टीम ने दी जानकारी
मामले में मचाडो की प्रेस टीम ने सोशल मीडिया पर बताया कि सुरक्षा बलों ने पूर्वी कराकस में उनके काफिले को हिंसक तरीके से रोका। हालांकि, उनकी गिरफ्तारी के बाद उनके ठिकाने के बारे में कोई जानकारी नहीं मिल सकी। जहां मचाडो ने कुछ समय पहले ही एक ट्रक से प्रदर्शनकारियों से कहा था कि वे एकजुट हैं और मादुरो से डरते नहीं हैं।
गिरफ्तारी पर विपक्षी नेताओं का बयान
विरोध प्रदर्शन के बाद विपक्षी नेता मारिया कोरिना की गिरफ्तारी के बाद वेनेजुएला में बातें तेज हो गई है। विपक्षी नेताओं का कहना है कि मादुरो की सरकार ने विपक्षी नेताओं और नागरिकों को डराने के लिए सुरक्षा बलों और सशस्त्र समूहों का इस्तेमाल किया है। इस माह सरकार ने 2,000 से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनमें विदेशी नागरिक भी शामिल हैं, जिनका आरोप है कि वे मादुरो को हटाने की साजिश कर रहे थे।
गौरतलब है कि मादुरो के खिलाफ यह विरोध भी तभी बढ़ा है जब दुनिया भर के देशों ने एडमंडो गोंजालेज को वेनेजुएला का वैध राष्ट्रपति मान्यता दी है। अमेरिकी सरकार ने भी गोंजालेज को समर्थन दिया और कहा कि वेनेजुएला के लोग एक शांतिपूर्ण सत्ता हस्तांतरण चाहते हैं।

