31 C
Mumbai
Friday, May 3, 2024

आपका भरोसा ही, हमारी विश्वसनीयता !

हरियाणा जैसी रांची में वारदात, महिला दारोगा को तस्करों ने रौंद कर मार डाला

हरियाणा में डीएसपी को कुचलकर मार डालने की घटना के बाद अब रांची के तुपुदाना में पशु तस्करों की गाड़ी ने महिला दारोगा संध्या टोपनो को रौंद डाला है। इलाज के दौरान उन्होंने अस्पताल में दम तोड़ दिया। वारदात बुधवार तड़के तीन बजे की है। इसे लेकर जहां पुलिस महकमे में हड़कंप है, वहीं विपक्ष ने विधि-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किये हैं। झारखंड पुलिस की 2018 बैच की दारोगा संध्या पुलिस टीम के साथ गाड़ियों की चेकिंग के लिए रांची-खूंटी रोड पर हुलहुंडू के पास तैनात थीं। पशुओं से लदी एक बोलेरो पिकअप वैन को उन्होंने रुकने का इशारा किया, लेकिन चालक ने दुस्साहसिक तरीके से तेज रफ्तार में गाड़ी चलाते हुए महिला दारोगा को रौंद डाला।

निडर, निष्पक्ष, निर्भीक चुनिंदा खबरों को पढने के लिए यहाँ >> क्लिक <<करें

रांची के एसएसपी किशोर कौशल ने बताया कि महिला दारोगा को कुचलने वाले ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया गया है। वैन को भी जब्त कर लिया गया है।

बताया जा रहा है कि खूंटी और गुमला जिले की पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ वाहनों पर पशुओं को तस्करी के लिए ले जाया जा रहा है। इसे लेकर रांची पुलिस को भी अलर्ट किया था। इसी सूचना पर दारोगा संध्या टोपनो ने अपनी टीम के साथ हुलहुंडू के पास देर रात से चेकिंग लगायी थी।

अधिक महत्वपूर्ण जानकारियों / खबरों के लिये यहाँ >>क्लिक<< करें

संध्या टोपनो रांची के तुपुदाना थाने में प्रभारी के तौर पर पदस्थापित थीं। उनके परिवार में मां, एक भाई और एक बहन है। उनकी शादी नहीं हुई थी। वह इसी थाना क्षेत्र के सिंहमोड़ इलाके में मां के साथ रहती थीं। उनकी मां का रो-रोकर बुरा हाल है। उनके सहकर्मी भी गमजदा हैं।

बता दें कि राज्य में गोवंशीय पशुओं की तस्करी में कई गिरोह एक साथ सक्रिय हैं। पूर्व में पुलिस की जांच में भी यह बात सामने आयी है कि राज्य से पशुओं की तस्करी कर बांग्लादेश तक ले जाया जाता है। इन्हें पुलिस-प्रशासन और राजनीतिक तौर पर संरक्षण दिये जाने के आरोप भी लगते रहे हैं।

‘लोकल न्यूज’ प्लेटफॉर्म के माध्यम से ‘नागरिक पत्रकारिता’ का हिस्सा बनने के लिये यहाँ >>क्लिक<< करें

इधर राज्य की प्रमुख विपक्षी पार्टी भाजपा ने इस वारदात को लेकर राज्य की विधि-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किये हैं। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष और सांसद दीपक प्रकाश ने वीडियो जारी करते कहा कि गौ तस्करी का कारोबार इस सरकार में लगातार बढ़ा है। तस्करों को राज्य सरकार का भी समर्थन प्राप्त है। यह घटना बताती है कि राज्य जंगल राज की ओर है। उन्होंने राज्य सरकार से गो तस्करी पर रोक के लिए अविलंब सख्त कदम उठाने की मांग की है।

पूर्व मुख्यमंत्री और झारखंड विधानसभा में भाजपा विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी ने भी दारोगा संध्या की हत्या पर आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा कि झारखंड में अपराधियों की हिम्मत अपने चरम पर है और सरकार बेफिक्र है। राज्य की राजधानी में तस्करों द्वारा दारोगा को कुचल देने की घटना यही बताती है कि प्रतिबंधों के बावजूद गौ तस्करों का बड़ा गिरोह सक्रिय है। जब राज्य में पुलिस अधिकारी सुरक्षित नहीं हैं तो आम आदमी की सुरक्षा की क्या गारंटी है? राज्य के पूर्व मंत्री और भाजपा विधायक अमर कुमार बाउरी ने कहा है कि तस्करों के आगे सरकार बेबस दिख रही है। इस वारदात को अंजाम देने वालों को तत्काल गिरफ्तार कर फास्ट ट्रैक कोर्ट के जरिए उन्हें सजा दिलायी जाये।

Latest news

ना ही पक्ष ना ही विपक्ष, जनता के सवाल सबके समक्ष

spot_img
Related news

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Translate »