अंकारा: तुर्किये (तुर्की) के पश्चिमी हिस्से से एक बेहद दर्दनाक और रूह कंपा देने वाले सड़क हादसे की खबर सामने आई है। रविवार तड़के एक यात्री बस राजमार्ग पर अनियंत्रित होकर सुरक्षा अवरोधकों (बैरियर) से टकरा गई, जिसके बाद उसमें भीषण आग लग गई। इस दर्दनाक हादसे में 9 महीने के एक मासूम शिशु और बस ड्राइवर समेत 8 लोगों की जिंदा जलने से मौत हो गई। स्थानीय मीडिया और प्रशासन के मुताबिक, दुर्घटना इतनी भीषण थी कि यात्रियों को संभलने तक का मौका नहीं मिला।
इजमिर से अंताल्या जा रही थी ‘पामुक्कले टूरिज्म’ की बस
रिपोर्ट्स के अनुसार, यह हादसा रविवार सुबह करीब 1:40 बजे देनिजिली प्रांत के एक मुख्य राजमार्ग पर हुआ। ‘पामुक्कले टूरिज्म’ कंपनी की यह बस यात्रियों को लेकर इजमिर से भूमध्यसागरीय तटीय शहर अंताल्या की ओर जा रही थी। हादसे के वक्त बस में 38 यात्री और चालक दल के 3 सदस्यों सहित कुल 41 लोग सवार थे। बैरियर से टकराने के बाद बस ने तुरंत आग पकड़ ली, जिसमें 33 लोग गंभीर रूप से झुलस गए। मृतकों में 50 वर्षीय बस चालक और उस बदकिस्मत 9 महीने के शिशु के पिता भी शामिल हैं। दुर्घटना के बाद सामने आईं तस्वीरों में सड़क किनारे बस का सिर्फ पूरी तरह से जला हुआ लोहे का ढांचा ही नजर आ रहा है।
ईद अल-अजहा की छुट्टियों के दौरान बढ़ा हादसों का ग्राफ
गौरतलब है कि शनिवार को तुर्किये में धार्मिक पर्व ईद अल-अजहा (Bakrid) का अंतिम दिन था। तुर्किये में इस त्योहार और लंबी छुट्टियों के दौरान देश भर में लोग अपने परिवारों से मिलने, पैतृक गांवों में जाने और छुट्टियां मनाने के लिए बड़े पैमाने पर यात्राएं करते हैं। भारी ट्रैफिक और जल्दबाजी के चलते इस विशेष सीजन के दौरान तुर्किये के राजमार्गों पर सड़क दुर्घटनाओं के ग्राफ में अक्सर बड़ी और चिंताजनक बढ़ोतरी देखी जाती है। पुलिस और बचाव दल फिलहाल घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराकर मामले की विस्तृत जांच में जुट गए हैं।

