एडवांस बुकिंग के लिए जताया आभार, गीतू मोहनदास के निर्देशन में आज बड़े पर्दे पर उतरेगी फिल्म
मुंबई: कन्नड़ सुपरस्टार यश अभिनीत बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘टॉक्सिक’ (Toxic) का लंबा इंतजार आखिरकार खत्म हो गया है और फिल्म 26 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज हो रही है। फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच भारी उत्साह और जबरदस्त एडवांस बुकिंग देखने को मिल रही है। इस बीच, फिल्म के बड़े पर्दे पर आने से पहले अभिनेता यश ने सोशल मीडिया के जरिए अपने फैंस से एक संवेदनशील और महत्वपूर्ण अपील की है।
यश ने इंस्टाग्राम पर फिल्म की पूरी टीम की ओर से एक विशेष नोट साझा करते हुए दर्शकों से आग्रह किया है कि वे थिएटर के भीतर फिल्म के दृश्यों को रिकॉर्ड न करें और सोशल मीडिया पर कोई स्पॉइलर साझा न करें।
‘सिर्फ फिल्म नहीं, दिल से गढ़ी गई एक दुनिया है’ टीम ‘टॉक्सिक’ की ओर से जारी किए गए पत्र में लिखा गया, “फिल्म ‘टॉक्सिक’ हमारे लिए केवल एक फिल्म नहीं है; यह एक ऐसी दुनिया है जिसे हमने फ्रेम-दर-फ्रेम और सीन-दर-सीन पूरी लगन से तैयार किया है। इसमें कई वर्षों की मेहनत शामिल है। इस फिल्म से जुड़े हर तकनीशियन और कलाकार की यही ख्वाहिश है कि हर दर्शक को बड़े पर्दे पर एक अनूठा और सामूहिक सिनेमाई अनुभव मिले।”
स्पॉइलर न देकर दूसरों का मजा बरकरार रखने की गुजारिश यश ने दर्शकों द्वारा एडवांस बुकिंग में दिए गए अभूतपूर्व प्यार के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा, “हम आपसे बस एक ही निवेदन करते हैं कि सिनेमा हॉल में वीडियो रिकॉर्ड करके सोशल मीडिया पर क्लिप्स पोस्ट न करें। कहानी के मुख्य हिस्से या ट्विस्ट लीक करके दूसरों का रोमांच खराब न होने दें। हर व्यक्ति को ‘टॉक्सिक’ की दुनिया का अनुभव खुद थिएटर में लेने दें।”
गीतू मोहनदास के निर्देशन में बनी इस एक्शन-थ्रिलर फिल्म में यश के साथ कियारा आडवाणी, नयनतारा, हुमा कुरैशी और तारा सुतारिया जैसे दिग्गज कलाकार अहम किरदारों में नजर आ रहे हैं।

