कोंथौजाम से विधायक सापम रंजन सिंह के घर के पीछे हुआ धमाका, सीएम ने घटनास्थल का लिया जायजा
इम्फाल: मणिपुर में जारी तनाव के बीच शुक्रवार तड़के इम्फाल पश्चिम जिले के कोंथौजाम विधानसभा क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक और राज्य सरकार के प्रवक्ता डॉ. सापम रंजन सिंह के आवासीय परिसर में एक जोरदार बम विस्फोट हुआ। पुलिस के अनुसार, यह धमाका रात करीब 1:30 बजे विधायक के घर के पिछले हिस्से में हुआ। गनीमत रही कि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ और न ही किसी को गंभीर चोट आई।
धमाके की सूचना मिलते ही सुरक्षा बलों और पुलिस की संयुक्त टीम ने तत्काल पूरे इलाके की घेराबंदी कर सघन तलाशी अभियान शुरू कर दिया है।
सीएम ने किया घटनास्थल का मुआयना
विस्फोट के बाद स्थिति का जायजा लेने के लिए मुख्यमंत्री युमनाम खेमचंद सिंह शुक्रवार दोपहर विधायक के आवास पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को मामले की त्वरित जांच कर दोषियों की पहचान करने के सख्त निर्देश दिए। पुलिस की फॉरेंसिक टीम यह पता लगाने में जुटी है कि धमाके में किस प्रकार के विस्फोटक पदार्थ का इस्तेमाल किया गया था।
‘हिंसा से क्या हासिल होगा’: विधायक सापम रंजन
विधायक सापम रंजन सिंह ने इस कायराना हमले की कड़े शब्दों में निंदा की। उन्होंने कहा, “आधी रात को तेज धमाके की आवाज सुनकर हमें पता चला कि घर के पीछे विस्फोट हुआ है। सौभाग्य से परिवार का कोई सदस्य हताहत नहीं हुआ, लेकिन ऐसी हिंसक घटनाएं कतई स्वीकार्य नहीं हैं।”
उन्होंने कहा कि वे हमलावरों से पूछना चाहते हैं कि ऐसे कृत्यों का उद्देश्य क्या है और इससे किसी को क्या लाभ मिलेगा। विधायक ने स्पष्ट किया कि उन्हें पहले से कोई धमकी नहीं मिली थी और वे गुरुवार शाम ही राज्य के बाहर से लौटकर पार्टी कार्यकर्ताओं से मिले थे।

