31 C
Mumbai
Monday, May 25, 2026

आपका भरोसा ही, हमारी विश्वसनीयता !

‘संदीप और पिंकी फरार’ की रिलीज के चार साल पूरे, अर्जुन ने फिल्म की टाइमिंग पर उठाए सवाल

अभिनेता अर्जुन कपूर और परिणीति चोपड़ा की फिल्म ‘संदीप और पिंकी फरार’ को रिलीज हुए चार साल का वक्त बीत चुका है। फिल्म ने अपनी चौथी सालगिरह मनाई है। इस मौके पर अर्जुन कपूर ने अपने सोशल मीडिया पर फिल्म से जुड़ा एक वीडियो साझा करते हुए फिल्म के बारे में लिखा है। फिल्म की रिलीज के चार साल बाद अर्जुन ने ये स्वीकार किया कि फिल्म के रिलीज की टाइमिंग शायद सही नहीं थी, जिसकी वजह से उस समय फिल्म को वो प्यार नहीं मिल पाया, जिसकी वो हकदार थी।

अर्जुन कपूर ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो साझा किया, जिसमें फिल्म को लेकर क्रिटिक्स की प्रतिक्रियाएं हैं। इस वीडियो को साझा करते हुए अर्जुन ने लिखा, “कुछ फिल्में समय पर अपने दर्शकों को ढूंढ लेती हैं। ‘संदीप और पिंकी फरार’ एक फिल्म जिसे मैंने चार साल पहले करने का फैसला किया था। एक फिल्म जिसने मुझे मेरे कम्फर्ट जोन से बाहर निकाला, जिसने एक अभिनेता के तौर पर मुझे भी अचम्भित किया।”

अर्जुन ने अपनी पोस्ट में फिल्म के बारे में आगे लिखा, “इस फिल्म को वो प्यार नहीं मिला, जिसकी ये हकदार थी। कुछ ने इसे सराहा, लेकिन कई लोग चूक गए। शायद समय सही नहीं था, शायद लोगों को इसकी उम्मीद नहीं थी। कल फिल्म ने चार साल पूरे किए, लोग आज भी इसे खोज रहे हैं, इसकी कई पर्तों वाली कहानी को पसंद कर रहे हैं और अभिनय की भी तारीफ कर रहे हैं, ये देखना काफी खास है, अच्छा महसूस कराता है। ऐसा लगता है कि इस फिल्म को अब अपना उचित श्रेय मिल रहा है।”

अपनी पोस्ट में अर्जुन ने उन लोगों को प्रोत्साहित किया जिन्होंने अभी तक ‘संदीप और पिंकी फरार’ नहीं देखी कि वे इसे प्राइम वीडियो पर देखें, इस बात पर जोर देते हुए कि पूरी टीम ने इस प्रोजेक्ट में अपना दिल लगा दिया है। उन्होंने कहा कि फिल्म सभी के प्यार की हकदार है और उन्होंने दर्शकों से इसे वह सराहना देने का आग्रह किया जो इसे हमेशा मिलनी चाहिए थी।

पुलिस वाले के किरदार में हैं अर्जुन
‘संदीप और पिंकी फरार’ एक डार्क कॉमेडी फिल्म है, जो दो अलग-अलग दुनिया के दो व्यक्तियों के जीवन के इर्द-गिर्द घूमती है। फिल्म में अर्जुन कपूर पिंकेश “पिंकी” दहिया के एक हरियाणवी पुलिस अधिकारी बने हैं, जबकि परिणीति चोपड़ा संदीप कौर एक कॉर्पोरेट पृष्ठभूमि से आने वाले किरदार में हैं। फिल्म का एक महत्वपूर्ण हिस्सा उत्तर भारत के विभिन्न स्थानों पर फिल्माया गया था।

अर्जुन कपूर आखिरी बार इसी साल रिलीज हुई कॉमेडी-ड्रामा फिल्म ‘मेरे हसबैंड की बीवी’ में नजर आए थे। फिल्म बॉक्स ऑफिस पर कोई खास कमाल नहीं दिखा पाई थी। फिल्म में अर्जुन कपूर के साथ भूमि पेडनेकर और रकुल प्रीत सिंह भी अहम भूमिकाओं में नजर आई थीं। वहीं इससे पहले अर्जुन कपूर रोहित शेट्टी की ‘सिंघम अगेन’ में विलेन के किरदार में नजर आए थे, जिसमें उनके काम की काफी तारीफ भी हुई थी।

ताजा खबर - (Latest News)

Related news

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here