भारतीय वायुसेना के सी-130जे विमान से भेजी गई सहायता, विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने दी जानकारी
नई दिल्ली: प्राकृतिक आपदाओं में ‘फर्स्ट रिस्पॉन्डर’ (पहले मददगार) की अपनी भूमिका को निभाते हुए भारत ने बुधवार को नेपाल में आई विनाशकारी फ्लैश फ्लड (अचानक आई बाढ़) के बाद त्वरित कार्रवाई करते हुए 10 टन मानवीय सहायता एवं आपदा राहत (HADR) सामग्री और आवश्यक दवाएं भेजी हैं।
विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर जानकारी साझा करते हुए कहा कि नेपाल में बाढ़ संकट से निपटने के लिए राहत सामग्री की पहली खेप रवाना कर दी गई है। उन्होंने इस भीषण प्राकृतिक आपदा में अपनी जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की और कहा कि इस कठिन समय में भारत पूरी तरह से नेपाल और वहां के नागरिकों के साथ मजबूती से खड़ा है।
सी-130जे विमान से पहुंचाई गई आपातकालीन सामग्री विदेश मंत्रालय के अनुसार, भारतीय वायुसेना के विशेष सी-130जे सुपर हरक्यूलिस परिवहन विमान के जरिए यह राहत सामग्री नेपाल भेजी गई। सहायता सामग्री की इस खेप में बेघर हुए प्रभावितों के लिए अस्थायी आश्रय (टेंट), कंबल, आवश्यक दवाएं, स्वच्छता किट (हाइजीन किट) और सोलर लैंप शामिल हैं। भारत सरकार ने संकट की इस घड़ी में पड़ोसी देश को आगे भी हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया है।

