रिपोर्ट-विपिन निगम
कन्नौज(यूपी):जनपद कन्नौज के थाना छिबरामऊ के अन्तर्गत चौकी इंचार्ज सिकंदरपुर पर हुए जानलेवा हमले में आरोपी बॉबी उर्फ अजय प्रताप की जिला जेल में हालत बिगड़ गई। जिसे पुलिस राजकीय मेडिकल कालेज तिर्वा लेकर पहुंची, यहां डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। बॉबी की मौत से प्रशासन में हड़कंप मच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा दिया है।
दरअसल 14 जुलाई को चंदरपुर गांव में जमीन का विवाद सुलझाने गए सिकंदरपुर चौकी इंचार्ज सुशील कुमार द्विवेदी पर कुछ लोगों ने जान से मारने की नीयत से कुल्हाड़ी से हमला कर दिया था। इस हमले में गंभीर रूप से घायल चौकी इंचार्ज को सौ शय्या संयुक्त चिकित्सालय से ग्रामीण आयुर्विज्ञान संस्थान सैफई रेफर कर दिया गया था।
इस मामले में पुलिस ने सिपाही राजवीर की तहरीर गांव के ही इंद्रपाल, अभिमन्यु उर्फ करू पुत्र सूबेदार, शैलेंद्र उर्फ नीलू पुत्र इंद्रपाल, नागेंद्र पुत्र इंद्रपाल, बॉबी उर्फ अजय प्रताप पुत्र देवेंद्र सिंह के खिलाफ संगीन धाराओं में मामला दर्ज किया था। पुलिस ने मुख्य आरोपी अभिमन्यु उर्फ करू को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। बॉबी उर्फ अजय प्रताप ने 30 जुलाई को न्यायालय के समक्ष आत्मसमर्पण किया था। यहां से उसे जेल भेज दिया गया था। शुक्रवार दोपहर बॉबी की हालत बिगड़ गई। पुलिस उसे लेकर जिला अस्पताल पहुंची। हालत में सुधार न होने पर डॉक्टरों ने मेडिकल कालेज रेफर कर दिया। मेडिकल कालेज में आते ही डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। साथ आए पुलिसकर्मियों ने इसकी जानकारी थाना पुलिस को दी। बाद में परिजनों को मामले की जानकारी दी गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। उधर, बंदी की मौत के बाद पुलिस प्रशासन में हड़कंप मचा है।
पोस्टमार्टम में सामने आएगी हकीकत
बॉबी की मौत डॉक्टरों के साथ ही पुलिस प्रशासन के लिए भी रहस्य बन गई है। तबियत अचानक बिगड़ने और फिर अस्पताल में मौत होने से पुलिस विभाग में भी हड़कंप है। डाक्टरों की मानें तो मौत का कारण अभी स्पष्ट नहीं है। पोस्टमार्टम के बाद ही मौत की सही वजह सामने आ सकेगी।