कन्नौज(यूपी) पंचायत चुनाव में भाजपा के खिलाफ दूसरे का प्रचार करने वाले सात पदाधिकारियों को पार्टी ने बाहर का रास्ता दिखा दिया है। इनमें कुछ पत्नी को लड़ा रहे थे, कुछ बगावती होकर दूसरे का समर्थन कर रहे थे। पार्टी ने इसे अनुशासनहीनता मानते हुए कार्रवाई की है।
भाजपा के जिलाध्यक्ष नरेंद्र सिंह राजपूत ने बताया कि चुनाव लड़ने पर विनीता मिश्रा के पति भाजपा जिला उपाध्यक्ष मुनीश मिश्रा को पार्टी से निष्कासित कर दिया गया है। प्रिया शाक्य के पति व युवा मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष ओमकार शाक्य को बाहर का रास्ता दिखा दिया गया।
भाजपा के मंडल मंत्री रवि भदौरिया व प्रवेंद्र सिंह, सुशीला देवी के पति मंडल अध्यक्ष पिछड़ा मोर्चा सुनील राजपूत व भाजपा सेक्टर प्रभारी सुनील कुशवाहा, पूर्व मंडल अध्यक्ष मदन अग्निहोत्री को भी पार्टी विरोधी गतिविधियों के चलते भाजपा से निष्कासित कर दिया गया है। यह कार्रवाई भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह के निर्देश पर की गई है।