दूसरों के नियंत्रण में काम करने वाले नेताओं के लिए किया शब्द का इस्तेमाल, सोशल मीडिया पर चर्चा तेज
नई दिल्ली: कांग्रेस के वरिष्ठ सांसद शशि थरूर ने एक बार फिर अपने अनूठे अंग्रेजी शब्दकोश के जरिए देश की सियासत में हलचल पैदा कर दी है। थरूर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर ‘क्वॉकरवॉडजर’ (Quockerwodger) शब्द साझा करते हुए इसे मौजूदा राजनीतिक दौर का सबसे मौजूं शब्द करार दिया। इसके साथ ही उन्होंने इस दुर्लभ शब्द का विस्तृत अर्थ समझाते हुए सत्तारूढ़ दल और केंद्र सरकार की कार्यप्रणाली पर तीखा कटाक्ष किया।
शब्द की परिभाषा स्पष्ट करते हुए थरूर ने बताया कि ‘क्वॉकरवॉडजर’ का अभिप्राय एक ऐसे राजनीतिक व्यक्ति या कठपुतली से होता है, जो पूरी तरह किसी दूसरे व्यक्ति के इशारों और नियंत्रण पर काम करता है। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले करीब 12 वर्षों के दौरान देश के सत्तारूढ़ दल ने ऐसे कई नेताओं को तैयार किया है, जिनकी अपनी कोई स्वतंत्र आवाज या नीतिगत सोच नहीं है बल्कि वे पूरी तरह शीर्ष नेतृत्व के निर्देशों पर ही कदम उठाते हैं।
यह पहला मौका नहीं है जब थरूर ने अपनी समृद्ध शब्दावली का सहारा लेकर राजनीतिक विरोधियों को घेरा हो। इससे पहले भी वे समय-समय पर जटिल और कम प्रचलित अंग्रेजी शब्दों का प्रयोग कर सार्वजनिक विमर्श को हवा देते रहे हैं। इस ताजा टिप्पणी के बाद सोशल मीडिया पर एक बार फिर राजनीतिक बहसों का दौर शुरू हो गया है और विपक्षी व सत्तापक्ष के समर्थक आमने-सामने आ गए हैं।

