32 C
Mumbai
Sunday, May 31, 2026

आपका भरोसा ही, हमारी विश्वसनीयता !

कावेरी कॉलिंग अभियान का कमाल: पेड़ आधारित खेती से 6 गुना बढ़ी किसान की आय; ‘फूड फॉरेस्ट’ मॉडल दुनिया के लिए बना मिसाल

नई दिल्ली: नई दिल्ली स्थित इंडिया हैबिटेट सेंटर में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में देश की सबसे बड़ी किसान-संचालित पारिस्थितिक पहल ‘कावेरी कॉलिंग’ (Cauvery Calling) अभियान की अभूतपूर्व उपलब्धियों पर विस्तृत चर्चा की गई। ईशा फाउंडेशन (Isha Foundation) द्वारा संचालित इस गेम-चेंजर परियोजना के जरिए कर्नाटक और तमिलनाडु के किसानों के निजी खेतों में बड़ा कृषि परिवर्तन देखा जा रहा है। इस अवसर पर तमिलनाडु के सफल किसान वल्लुवन और अभियान के प्रोजेक्ट डायरेक्टर आनंद एथिराजालु ने अपने जमीनी अनुभव साझा करते हुए बताया कि वृक्ष-आधारित खेती न केवल ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत कर रही है, बल्कि मिट्टी, पानी और पर्यावरण के संरक्षण में भी मील का पत्थर साबित हो रही है।

एकल खेती से ‘फूड फॉरेस्ट’ तक: किसान वल्लुवन की सफलता
तमिलनाडु के कुड्डालोर के रहने वाले किसान वल्लुवन ने अपनी आपबीती साझा करते हुए बताया कि पहले वे अपने खेत में केवल नारियल की एकल खेती (Monoculture) करते थे। मौसम के उतार-चढ़ाव, उत्पादन में कमी और बढ़ती लागत के कारण उन्हें लगातार आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा था। इसके बाद वे कावेरी कॉलिंग अभियान से जुड़े और पारंपरिक ढर्रे को बदलकर पेड़ आधारित और बहुफसली (Multicrop) खेती को अपनाया।

वल्लुवन ने अपने खेत को एक ‘फूड फॉरेस्ट’ (खाद्य वन) के रूप में बदल दिया, जहाँ नारियल के साथ काली मिर्च, फलदार वृक्ष और बेशकीमती इमारती लकड़ियों के पेड़ एक साथ लहलहा रहे हैं। इस मॉडल का सबसे बड़ा फायदा यह हुआ कि उनकी आय पहले की तुलना में करीब छह गुना बढ़ गई है और खेती का जोखिम पूरी तरह खत्म हो गया है। इस उत्कृष्ट और दूरदर्शी कार्य के लिए उन्हें संयुक्त राष्ट्र के खाद्य एवं कृषि संगठन (FAO) द्वारा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित भी किया जा चुका है।

नई तकनीकों से घटी लागत, सूखा और बाढ़ का मुकाबला
वल्लुवन के मुताबिक, खेत में कम जुताई, मल्चिंग और कवर क्रॉपिंग जैसी आधुनिक और प्राकृतिक तकनीकों के उपयोग से खेती की लागत में भारी कमी आई है। रासायनिक उर्वरकों और कीटनाशकों पर निर्भरता घटने से मिट्टी में जैविक कार्बन की मात्रा बढ़ी है, जिससे उसकी उपजाऊ क्षमता बेहतर हुई है। सबसे खास बात यह है कि घने पेड़ों के कारण सूखा पड़ने पर भी खेत की मिट्टी में नमी बनी रहती है, और भारी बारिश या बाढ़ की स्थिति में मिट्टी का कटाव (Soil Erosion) पूरी तरह रुक जाता है।

13.4 करोड़ पेड़ और दुनिया की सबसे बड़ी नर्सरी
प्रेसवार्ता में अभियान के प्रोजेक्ट डायरेक्टर आनंद एथिराजालु ने बताया कि ‘कावेरी कॉलिंग’ केवल पेड़ लगाने का कार्यक्रम नहीं है, बल्कि यह खेती की पूरी व्यवस्था का पुनर्जीवन है। उन्होंने बताया कि इस अभियान के तहत अब तक 13.4 करोड़ पेड़ लगाए जा चुके हैं और लगभग 2.6 लाख किसानों को वृक्ष आधारित खेती अपनाने में प्रत्यक्ष सहायता प्रदान की गई है।

इस विशाल मांग को पूरा करने के लिए तमिलनाडु में ईशा नर्सरी स्थापित की गई है, जो सालाना 8.5 मिलियन (85 लाख) पौधे उत्पादन क्षमता और 54 विभिन्न प्रजातियों की विविधता के साथ दुनिया की सबसे बड़ी सिंगल-साइट नर्सरियों में से एक है। इस नर्सरी का प्रबंधन मुख्य रूप से ग्रामीण महिलाओं द्वारा किया जाता है। कर्नाटक सरकार ने भी ईशा आउटरीच के साथ एक समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए हैं ताकि सरकारी योजनाओं और कावेरी कॉलिंग के बीच बेहतर तालमेल बिठाकर कावेरी नदी के जल प्रवाह को पुनर्जीवित किया जा सके। डायरेक्टर ने स्पष्ट किया कि फिलहाल उत्तर भारत में ऐसी कोई योजना शुरू करने की तैयारी नहीं है, लेकिन दक्षिण भारत में यह मॉडल ग्रामीण आजीविका के लिए एक बड़ी क्रांति बन चुका है।

ताजा खबर - (Latest News)

Related news

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here