धोखाधड़ी, जबरन वसूली और आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई; तारकेश्वर नगरपालिका के पूर्व चेयरमैन हैं कुंडू
हुगली: पश्चिम बंगाल में तारकेश्वर नगरपालिका के पूर्व चेयरमैन और जिला तृणमूल कांग्रेस (TMC) के वरिष्ठ नेता उत्तम कुंडू को पुलिस ने कई गंभीर आपराधिक मामलों के सिलसिले में गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के बाद जब पुलिस उन्हें अदालत ले जा रही थी, तब स्थानीय लोगों की भारी भीड़ ने उन पर हमला करने की कोशिश की, जिसे पुलिसकर्मियों ने सुरक्षा घेरा बनाकर विफल कर दिया।
समाचार एजेंसी एएनआई के अनुसार, हुगली ग्रामीण पुलिस ने 22 अगस्त को तारकेश्वर थाने में दर्ज प्राथमिकी (केस संख्या 463/2026) के आधार पर यह कार्रवाई की है।
धोखाधड़ी, रंगदारी और आर्म्स एक्ट में मामला दर्ज हुगली ग्रामीण एसपी कुंवर भूषण सिंह ने बताया कि उत्तम कुंडू पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न गंभीर धाराओं के तहत आर्थिक अपराध, संपत्ति से जुड़ी धोखाधड़ी, जालसाजी, रंगदारी और आपराधिक धमकी के मुकदमे दर्ज हैं। इसके अतिरिक्त पुलिस ने उन्हें आर्म्स एक्ट के तहत भी नामजद किया है। अदालत में पेश किए जाने के बाद कोर्ट ने आरोपी नेता को 14 दिनों की पुलिस हिरासत में भेज दिया है।
पुलिस वैन के पास उमड़ा लोगों का आक्रोश एसपी ने बताया कि जब उत्तम कुंडू को तारकेश्वर थाने से बाहर निकाला जा रहा था, तब आक्रोशित भीड़ ने उन पर हमला बोलने का प्रयास किया। हालांकि, मौके पर तैनात अतिरिक्त सुरक्षाबलों ने तत्परता दिखाते हुए स्थिति को नियंत्रित किया और उन्हें सुरक्षित वाहन में बैठाकर आगे रवाना किया। पुलिस अब कुंडू से जुड़े मामलों में विस्तृत पूछताछ कर रही है।

