भारतीय तटरक्षक बल (ICG) ने बरामद किया इमरजेंसी बीकन, 24 में से 2 सदस्यों को सुरक्षित निकाला जा चुका
नई दिल्ली/भुवनेश्वर: ओडिशा के पारादीप बंदरगाह से लगभग 290 समुद्री मील दूर गहरे समुद्र में डूबे पनामा के झंडे वाले मालवाहक जहाज ‘एमवी ओशन विनर’ (MV Ocean Winner) के लापता चालक दल के सदस्यों के लिए तलाश एवं बचाव अभियान मंगलवार को भी युद्ध स्तर पर जारी रहा। भारतीय तटरक्षक बल (ICG) ने मैरीटाइम रेस्क्यू को-ऑर्डिनेशन सेंटर (MRCC) बीजिंग के साथ समन्वय स्थापित करते हुए अभियान को और व्यापक बना दिया है।
लापता नाविकों में चीनी नागरिकों की संख्या अधिक होने के कारण चीन के दो विशेष जहाज भी तलाश अभियान में शामिल हो गए हैं। भारतीय तटरक्षक बल का जहाज ‘आईसीजीएस वरद’ इलाके में मौजूद अन्य व्यापारिक जहाजों के साथ समन्वय कर लापता सदस्यों की खोज कर रहा है।
नौसेना के विमान ने खोजा इमरजेंसी बीकन हवाई निगरानी के दौरान भारतीय नौसेना के टोही विमान ने एक डिस्ट्रेस सिग्नल (संकट संदेश) का पता लगाया, जिसके बाद आईसीजीएस वरद को चिन्हित स्थान की ओर रवाना किया गया। 25 अगस्त की सुबह करीब 7 बजे आईसीजीएस वरद ने समुद्र से एक इमरजेंसी बीकन बरामद किया। जांच के बाद पुष्टि हुई कि यह उपकरण एमवी ओशन विनर का ही था, हालांकि वहां कोई जीवित व्यक्ति नहीं मिला।
71,000 टन लौह अयस्क लेकर चीन जा रहा था जहाज यह मालवाहक जहाज करीब 71,000 मीट्रिक टन लौह अयस्क (Iron Ore) लेकर चीन की ओर जा रहा था, तभी समुद्र में अप्रत्याशित रूप से डूब गया। जहाज पर कुल 24 चालक दल के सदस्य सवार थे। हादसे के तुरंत बाद लाइफ राफ्ट की मदद से 2 नाविकों को सुरक्षित बचा लिया गया था, जबकि 22 सदस्य अब भी लापता हैं।
खराब मौसम और समुद्र की ऊंची लहरों के बावजूद भारतीय तटरक्षक बल के विमान, नौसेना के हेलिकॉप्टर और व्यापारिक जहाज लगातार इलाके में सघन तलाशी ले रहे हैं। जहाज के डूबने के सटीक तकनीकी कारणों की जांच जारी है।

