इंदिरा गांधी और भुट्टो की शिमला बैठक का दिया हवाला, पूछा- क्या दिल्ली से बाहर मिलना समन जैसा है?
नई दिल्ली: विदेश मंत्री एस जयशंकर ने मुंबई में अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो के साथ हुई मुलाकात को लेकर कांग्रेस की आलोचना पर कड़े सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें समझ नहीं आया कि विपक्षी दलों को मुंबई में किसी विदेशी नेता की मेजबानी करने पर आखिर क्या आपत्ति है। जयशंकर ने इस बहस के बीच पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी और पाकिस्तान के तत्कालीन नेता जुल्फिकार अली भुट्टो की शिमला में हुई ऐतिहासिक मुलाकात का जिक्र करते हुए सवाल किया कि क्या दिल्ली से बाहर किसी विदेशी नेता से मिलना समन किए जाने जैसा है?
गुरुवार को एक वर्ल्ड समिट में बोलते हुए जयशंकर ने मुंबई को देश की आर्थिक राजधानी और बॉलीवुड का केंद्र बताया। उन्होंने कहा कि इस शहर में बहुत कुछ खास है और तंज कसते हुए जोड़ा कि शायद विपक्षी दलों को मुंबई शहर ही पसंद नहीं है। जयशंकर का यह बयान कांग्रेस नेता राहुल गांधी की उस टिप्पणी के जवाब में आया है, जिसमें उन्होंने पिछले सप्ताह मुंबई में जयशंकर और रुबियो की मुलाकात को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा था और इसे विदेशी नेता द्वारा भारत को ‘समन’ किए जाने जैसा करार दिया था।

