सौरिख (कन्नौज) छेड़छाड़ का आरोपी लघुशंका के बहाने बाइक से उतरकर एसपी के पास पहुंच गया। अफसरों के सामने आरोपी ने झूठा फंसाए जाने की बात कही। बाद में सुरक्षा व्यवस्था में मौजूद पुलिस कर्मियों ने आरोपी को हिरासत में लेकर थाने भिजवा दिया। छेड़छाड़ के मामले में नामजद सचिन बाथम वीरपुर गांव का रहने वाला है। उसे गिरफ्तार कर उपनिरीक्षक तेजबहादुर सिंह बाइक से थाने ला रहे थे। सौरिख बिधूना मार्ग पर लघुशंका की बात कहकर आरोपी ने बाइक रुकवा ली। कुछ दूरी पर डीएम राकेश कुमार मिश्र व एसपी प्रशांत वर्मा एक विद्यालय में पोलिंग पार्टियों के रुकने की व्यवस्था का निरीक्षण कर रहे थे। लघुशंका के बाद आरोपी भागकर आला अधिकारियों के पास पहुंच गया। झूठा फंसाए जाने की बात कहते हुए न्याय की गुहार लगाई। आरोपी के पुलिस अभिरक्षा से भाग कर अधिकारियों के सामने पहुंचने से पुलिस कर्मियों के हाथ पांव फूल गए।
प्रशांत वर्मा ने घटना की बाबत प्रभारी निरीक्षक पूनम अवस्थी से जानकारी ली। उन्होंने बताया कि 30 मार्च को महिला ने छेड़छाड़ का आरोप लगाते हुए शिकायत थी। इस पर उसे पकड़ा गया है। एसपी के निर्देश पर पुलिस कर्मियों ने हिरासत में लेकर थाने भिजवा दिया