नई दिल्ली। परिसीमन को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी के आरोपों पर केंद्र सरकार ने पलटवार किया है। सरकार के सूत्रों ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि परिसीमन की प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी होगी। इसमें संविधान के प्रावधानों और कानूनी प्रक्रियाओं का पालन किया जाएगा। निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाओं में गैरकानूनी तरीके से बदलाव करने या चुनावी फायदे के लिए गड़बड़ी करने की कोई गुंजाइश नहीं होगी।
लोकसभा में सोमवार को परिसीमन विधेयक पेश किए जाने की तैयारी है। इससे पहले राहुल गांधी ने केंद्र सरकार की मंशा पर सवाल उठाए थे। उन्होंने आरोप लगाया था कि परिसीमन के जरिए निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाओं में बदलाव कर चुनावी प्रतिनिधित्व को प्रभावित किया जा सकता है। सरकार के सूत्रों ने इन आरोपों को गलत बताते हुए प्रक्रिया की पारदर्शिता पर जोर दिया है।
सरकारी सूत्रों ने आगे बताया कि पूरी परिसीमन प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए हर स्तर पर संवैधानिक नियमों का पालन होगा। इस प्रक्रिया के तहत जनसुनवाई और व्यापक विचार विमर्श किया जाएगा ताकि किसी भी तरह के भेदभाव या चुनावी लाभ की आशंका न रहे। सरकार का कहना है कि परिसीमन का मुख्य उद्देश्य सभी नागरिकों को समान प्रतिनिधित्व प्रदान करना है।

