नई दिल्ली: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के जंतर-मंतर पर कथित नीट (NEET) पेपर लीक मामले को लेकर प्रदर्शनकारी छात्रों और कार्यकर्ताओं का विरोध प्रदर्शन लगातार उग्र होता जा रहा है। मौके पर सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। इस बीच, बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान ने छात्रों से प्रदर्शन खत्म कर अपने-अपने घर और माता-पिता के पास लौटने की भावुक अपील की है।
गौरतलब है कि छात्र आंदोलन को लेकर 24 घंटे के भीतर सलमान खान की यह दूसरी पोस्ट है।
‘पीएम मोदी पर पूरा भरोसा, सख्त कार्रवाई होगी’
सलमान खान ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट साझा करते हुए लिखा:
“पढ़ाई और सुरक्षा, दोनों ही मामलों में छात्र हमारी पहली प्राथमिकता हैं, इसलिए उन्हें और उनके माता-पिता को ज्यादा चिंता करने की जरूरत नहीं है। माननीय प्रधानमंत्री ने ट्वीट किया है और मुझे पूरा यकीन है कि वे इस पेपर लीक के लिए जिम्मेदार सभी लोगों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई करेंगे। इसलिए छात्रों, प्लीज अपने माता-पिता के पास और घर लौट जाइए।”
‘सोनम, बस हो गया… चाहो तो घर से खाना भेज दूंगा’
अपनी पोस्ट में प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे छात्र नेताओं को संबोधित करते हुए सलमान खान ने एक चुटीले अंदाज में लिखा:
“सोनम, बस हो गया। अब इसे और आगे मत बढ़ाओ। अगर जरूरत पड़ी तो इस जज्बे को किसी और दिन के लिए बचाकर रखना (हालांकि मुझे नहीं लगता कि इसकी जरूरत पड़ेगी) और कुछ खा-पी लो। अगर चाहो तो मैं घर से खाना भेज दूंगा।”
पहली पोस्ट में की थी राजनीतिकरण न करने की अपील
इससे एक दिन पहले भी सलमान खान ने छात्रों के समर्थन में अपनी आवाज उठाई थी। उन्होंने कहा था कि पेपर लीक एक बहुत गंभीर मुद्दा है और छात्रों ने बेहद शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांग रखी थी। उन्होंने कहा था:
- यह मुद्दा पूरी तरह से छात्रों और शिक्षा व्यवस्था के बीच का है, इसे राजनीतिक रंग नहीं दिया जाना चाहिए।
- इस आंदोलन की सफलता और श्रेय केवल देश के छात्रों को मिलना चाहिए।
- जो लोग शिक्षित होना चाहते हैं, उन सभी पर ईश्वर की कृपा बनी रहे।

