लखनऊ: उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ बेहद अभद्र और अमर्यादित टिप्पणी करते हुए नजर आ रहे हैं। इस वीडियो के सामने आने के बाद उत्तर प्रदेश की सियासत में भूचाल आ गया है। भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने कांग्रेस पर चौतरफा हमला बोल दिया है, वहीं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी इस बयान को ‘अक्षम्य’ करार दिया है।
क्या है वायरल वीडियो में?
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में देखा जा सकता है कि कांग्रेस नेता अजय राय अपनी कार में बैठे हुए हैं। जैसे ही उनकी कार आगे बढ़ने लगती है, वह गाड़ी के पास खड़े कुछ समर्थकों और लोगों से देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बारे में सीधे तौर पर अपशब्द कहते हैं। हैरानी की बात यह है कि वह अपने इन विवादित और बिगड़े बोलों को कार के भीतर से दोबारा दोहराते भी हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ‘X’ पर साधा निशाना
अजय राय की इस टिप्पणी पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (X) पर लिखा:
“आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के विषय में उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष द्वारा की गई अभद्र, असंसदीय और अक्षम्य टिप्पणी कांग्रेस के राजनीतिक कुसंस्कारों को प्रकट करती है। पूर्व में कांग्रेस के ‘युवराज’ भी अपने कुसंस्कार का परिचय दे चुके हैं। कांग्रेस अब हताशा, निराशा, कुंठा और मानसिक दिवालियेपन के शीर्ष स्तर पर पहुंच चुकी है। अब देशवासियों से क्षमा मांगने लायक भी स्थिति उनकी नहीं रही है।”
यूपी भाजपा और अमित मालवीय का तीखा पलटवार
यूपी भाजपा के आधिकारिक हैंडल से इस वीडियो को साझा करते हुए तंज कसा गया, “कांग्रेसी नस्ल की अशिष्ट फसल, देश के प्रधानमंत्री के लिए कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय द्वारा अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल करना राजनीति नहीं, बल्कि कांग्रेसियों की कुंठा को दर्शाता है।”
वहीं, भाजपा आईटी सेल के प्रमुख अमित मालवीय ने इस व्यवहार को शिष्टाचार के खिलाफ बताते हुए लिखा कि कुछ समय पहले जब यूपीसीसी चीफ अजय राय अस्वस्थ थे, तब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सार्वजनिक रूप से उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की थी। लेकिन आज वही अजय राय प्रधानमंत्री के खिलाफ अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल करते कैमरे में कैद हुए। यही कांग्रेस की राजनीति का स्तर है—शिष्टाचार का जवाब अभद्रता से।
“यह ‘गाली वाली’ कांग्रेस है”— भाजपा प्रवक्ताओं का हमला
- शहजाद पूनावाला (राष्ट्रीय प्रवक्ता): उन्होंने राहुल गांधी के पुराने बयानों का हवाला देते हुए लिखा, “राहुल गांधी के अपमानजनक बयान के बाद अब कांग्रेस ने फिर सारी हदें पार कर दी हैं। अजय राय ने पीएम मोदी के लिए बेहद अपमानजनक शब्द का इस्तेमाल किया है। वे उनसे इसलिए नफरत करते हैं क्योंकि वे एक ‘चायवाला’ पृष्ठभूमि से आते हैं। यह ‘गाली वाली’ कांग्रेस है, न कि ‘गांधीवादी’ कांग्रेस।”
ये भी पढ़ें - कलकत्ता हाईकोर्ट का बड़ा फैसला: हिंदू पत्नी से शादी ‘अनियमित’ पर अमान्य नहीं; मुस्लिम पति को देना होगा गुजारा भत्ता
राकेश त्रिपाठी (भाजपा विधायक): उन्होंने कांग्रेस को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि कांग्रेस ने मर्यादा की सभी रेखाएं पार कर दी हैं और पार्टी में गाली देने की प्रतिस्पर्धा चल रही है, जिसका खामियाजा उन्हें भुगतना पड़ेगा।
जब अजय राय के बीमार होने पर पीएम मोदी ने की थी प्रार्थना
इस पूरे विवाद के बीच सोशल मीडिया यूजर्स और भाजपा नेता उस घटना को याद कर रहे हैं जब कुछ दिनों पहले एक सार्वजनिक कार्यक्रम के दौरान अजय राय अचानक बेहोश होकर गिर गए थे। उन्हें लखनऊ के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
ये भी पढ़ें – अवैध बालू खनन मामला: ED के दफ्तर पहुंचे देश के सबसे युवा IAS अंसार शेख, झाड़ग्राम में तैनाती के दौरान लगे हैं गंभीर आरोप
उनके अस्वस्थ होने की खबर मिलते ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उसी रात सोशल मीडिया पर चिंता व्यक्त की थी और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की थी। लोग अब सोशल मीडिया पर प्रधानमंत्री के उस शिष्टाचार और अजय राय की इस टिप्पणी की तुलना कर कांग्रेस की नैतिकता पर सवाल उठा रहे हैं।
गौरतलब है कि अजय राय ने वाराणसी संसदीय सीट से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ लोकसभा चुनाव भी लड़ा था, जहां उन्हें करारी शिकस्त का सामना करना पड़ा था।

