जियो स्टूडियोज के भरोसे को बताया आशीर्वाद, जय मेहता की फिल्म ‘प्रलय’ की शूटिंग में व्यस्त हैं अभिनेता
मुंबई: निर्देशक आदित्य धर की ब्लॉकबस्टर फ्रैंचाइजी ‘धुरंधर’ के दोनों भागों की शानदार सफलता के बाद बॉलीवुड अभिनेता रणवीर सिंह ने पहली बार अपनी प्रतिक्रिया दी है। रिलायंस की एक डॉक्यूमेंट्री में नजर आए रणवीर ने फिल्म की कामयाबी का श्रेय कठिन परिश्रम को देने के साथ-साथ अंबानी परिवार का विशेष रूप से आभार व्यक्त किया।
रणवीर सिंह ने कहा कि ‘धुरंधर’ जैसी महत्वाकांक्षी फिल्म बनाना आसान नहीं था और इसके निर्माण में कई बड़ी चुनौतियां थीं, लेकिन टीम के दृढ़ विश्वास ने इसे संभव बनाया।
‘जब फिल्में नहीं चल रही थीं, तब मिला अंबानी परिवार का साथ’ करियर के उतार-चढ़ाव को याद करते हुए रणवीर सिंह ने कहा, “करियर में अच्छे और बुरे दौर आते रहते हैं। मुझे उस समय भी भरपूर प्यार और हौसला मिला जब मेरी फिल्में बॉक्स ऑफिस पर अच्छा प्रदर्शन नहीं कर रही थीं।” उन्होंने ‘जियो स्टूडियोज’ के जरिए ‘धुरंधर’ पर भरोसा जताने के लिए अंबानी परिवार का शुक्रिया अदा किया और कहा कि उनसे जुड़ा होना किसी बड़े आशीर्वाद, सम्मान और सौभाग्य से कम नहीं है।
आगामी प्रोजेक्ट्स और निजी जिंदगी वर्क फ्रंट की बात करें तो रणवीर सिंह इन दिनों निर्देशक जय मेहता के निर्देशन में बन रही सर्वाइवल ड्रामा फिल्म ‘प्रलय’ की शूटिंग में व्यस्त हैं। वहीं निजी जिंदगी में, वे और उनकी पत्नी दीपिका पादुकोण जल्द ही अपने दूसरे बच्चे का स्वागत करने की तैयारी में हैं।

