तमिलनाडु के 57 में से 37 पर्यटकों की तलाश जारी, दूतावास ने शुरू की आपातकालीन हेल्पलाइन
काठमांडू: नेपाल के मध्य हिस्सों में अचानक आई भीषण बाढ़ के कारण बड़ा संकट खड़ा हो गया है। इस आपदा में 130 से अधिक भारतीय नागरिकों के लापता होने और कई लोगों के विभिन्न स्थानों पर फंसे होने की खबर सामने आई है। लापता लोगों में एक बड़ी संख्या कैलाश मानसरोवर यात्रा पर गए श्रद्धालुओं की बताई जा रही है।
बाढ़ और भूस्खलन के चलते कई इलाकों में सड़क संपर्क और परिवहन व्यवस्था पूरी तरह बाधित हो गई है, जिससे राहत कार्यों में मुश्किलें आ रही हैं। संकट को देखते हुए भारतीय दूतावास और कई राज्य सरकारों ने प्रभावित लोगों व उनके परिजनों की सहायता के लिए आपातकालीन हेल्पलाइन शुरू कर दी हैं।
तमिलनाडु के 37 पर्यटकों की तलाश जारी अधिकारियों के अनुसार, तमिलनाडु से हिमालयी क्षेत्र के मंदिर दर्शन के लिए गए 57 पर्यटकों के समूह में से 37 लोगों का अब तक कोई सुराग नहीं मिल सका है, जबकि 20 लोगों से संपर्क स्थापित कर लिया गया है। संपर्क टूटने के बाद से परिजनों की चिंता बढ़ गई है। तमिलनाडु सरकार लगातार नेपाल प्रशासन और दूतावास के संपर्क में रहकर अपने नागरिकों की सुरक्षित वापसी और सहायता के प्रयासों में जुटी हुई है।

