राज्यभर में 45 प्रतिष्ठानों की जांच, परमिट रूम, पवेलियन और पेस्ट्री काउंटर में मिलीं गंभीर खामियां
मुंबई: महाराष्ट्र खाद्य एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) ने मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन (एमसीए) परिसर में संचालित पांच प्रमुख फूड आउटलेट्स के लाइसेंस निलंबित कर दिए हैं। 20 अगस्त को किए गए औचक निरीक्षण के दौरान इन प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई, खाद्य पदार्थों के भंडारण, रेफ्रिजरेशन, तापमान नियंत्रण और सैनिटाइजेशन से जुड़ी कई गंभीर अनियमितताएं पाई गईं।
निलंबन की कार्रवाई का सामना करने वाले एमसीए के आउटलेट्स में परमिट रूम, पवेलियन, मेडिटेरेनियन, ओरिएंटल स्विंग और क्लबवे एंड पेस्ट्री काउंटर शामिल हैं।
निरीक्षण में सामने आईं गंभीर कमियां एफडीए की जांच रिपोर्ट के अनुसार, ‘परमिट रूम’ की रसोई में फर्श गंदा व फिसलन भरा था, फ्रीजर में बर्फ जमी थी और खाना पकाने के तेल की गुणवत्ता की नियमित जांच नहीं हो रही थी। ‘पवेलियन’ और ‘मेडिटेरेनियन’ में फ्रोजन फूड को पिघलाने और उपकरणों की सफाई में लापरवाही मिली। वहीं, ‘ओरिएंटल स्विंग’ में रसोई की छत खराब और फर्श गंदा पाया गया, जबकि ‘क्लबवे एंड पेस्ट्री काउंटर’ पर कर्मचारियों द्वारा बिना दस्ताने काम करने और कीड़े-मकोड़ों से बचाव के पुख्ता इंतजाम न होने की पुष्टि हुई।
राज्यभर में 45 होटलों और ढाबों पर छापेमारी एफडीए ने पूरे महाराष्ट्र में बड़े स्तर पर अभियान चलाते हुए 45 होटल, रेस्तरां और ढाबों का निरीक्षण किया, जिसमें 33 को सुधार नोटिस थमाए गए और कुल 11 खाद्य प्रतिष्ठानों के लाइसेंस या पंजीकरण पर दंडात्मक कार्रवाई की गई। एमसीए के अलावा माहिम के लेनेक्सिस फूडवर्क्स, शिवाजी पार्क के कैडेल कैफे, मुलुंड के चाइना टाउन फास्ट फूड सेंटर, पुणे के मोरया मिसल और नागपुर के साओजी उपहार गृह पर भी गाज गिरी है। मुलुंड और पुणे के आउटलेट्स में अत्यधिक एमएसजी, एक्सपायर्ड सामग्री और हानिकारक कृत्रिम रंगों के इस्तेमाल की पुष्टि हुई है।

